राजस्थान : घर का काम कर रही महिला की बिजली गिरने से मौत
मौसम विभाग ने पहले ही अपने अलर्ट में खराब मौसम के दौरान पेड़ों के नीचे शरण न लेने, बिजली के खंभों से दूर रहने और घरेलू काम करते समय सुरक्षित स्थान पर रहने की चेतावनी दी थी।
एनसीआई@जयपुर
राजस्थान में सक्रिय हुए नए वेस्टर्न डिस्टरबेंस ने अपना घातक रूप दिखाना शुरू कर दिया है। इसके चलते सीकर जिले के खंडेला उपखंड स्थित श्योपुरा गांव में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां 39 वर्षीय सोहनी देवी पत्नी हरिराम सुबह अपने घर का काम कर रही थीं, तभी अचानक कड़कड़ाती आसमानी बिजली उस पर आ गिरी।
बिजली गिरने से सोहनी देवी गम्भीर रूप से झुलस गईं। इस पर परिजन उसे तुरंत स्थानीय अस्पताल ले गए, जहां से गम्भीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जयपुर रैफर कर दिया। वहां ले जाते समय रास्ते में ही उसकी तबीयत और बिगड़ गई। इस पर उसे रास्ते में रींगस के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा, लेकिन यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इस हादसे से पूरे गांव में मातम पसर गया है।
22 जिलों में अलर्ट जारी
प्रदेश में मंगलवार सुबह से ही जयपुर, कोटा, और सवाईमाधोपुर सहित कई हिस्सों में बारिश और ओलावृष्टि का दौर जारी है। मौसम विभाग (IMD Jaipur) ने आज के लिए सख्त चेतावनी जारी की है।
इन 7 जिलों में ‘ऑरेंज अलर्ट’
मौसम विभाग ने सीकर, जयपुर, दौसा, भरतपुर, करौली, सवाईमाधोपुर और जयपुर शहर में गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश, ओलावृष्टि और 40 KMPH की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई है।
15 जिलों में ‘येलो अलर्ट’
बीकानेर, जैसलमेर, अजमेर, झुंझुनू, और कोटा सहित 15 अन्य जिलों में हल्की बारिश और बिजली कड़कने की चेतावनी दी गई है।
2 से 4 डिग्री तक गिरेगा पारा
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस बारिश और ओलावृष्टि के कारण अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। 31 जनवरी और 1 फरवरी को एक और नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होने वाला है, जिससे कड़ाके की ठंड का एक और दौर देखने को मिलेगा।
