राजस्थान: बेरोजगारों के लिए सरकारी नौकरियों का खुला खजाना, एक साथ आई हैं 5 भर्तियां, यहां है पूरी जानकारी
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा निकाली गई इन सभी भर्तियों के लिए अभ्यर्थी फरवरी माह तक आवेदन कर सकते हैं। बोर्ड की जानकारी के मुताबिक सबसे अधिक पद एलडीसी में 10 हजार 644 और सबसे कम महिला पर्यवेक्षक में 72 पद हैं। इनके लिए बोर्ड ने इन सभी भर्तियों की प्रस्तावित परीक्षा तिथि भी घोषित कर रखी है।
एनसीआई@जयपुर
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक साथ पांच बड़ी भर्तियां निकाली गई हैं। इन भर्तियों के तहत कुल 12 हजार 879 पदों पर आवेदन की प्रक्रिया जारी है। बोर्ड के अनुसार इन पांचों भर्तियों के लिए अब तक करीब 2.74 लाख अभ्यर्थी आवेदन कर चुके हैं। इन भर्तियों में वनपाल भर्ती, महिला पर्यवेक्षक भर्ती, कृषि पर्यवेक्षक भर्ती, एलडीसी भर्ती और लैब असिस्टेंट भर्ती शामिल हैं। सभी भर्तियों के लिए आवेदन की अंतिम तिथियां अलग-अलग रखी गई हैं और परीक्षाओं की प्रस्तावित तिथियां भी घोषित कर दी गई हैं।
बोर्ड की जानकारी के मुताबिक इन पांच भर्तियों में सबसे ज्यादा पद एलडीसी भर्ती में रखे गए हैं, जबकि सबसे कम पद महिला पर्यवेक्षक भर्ती में हैं। अभ्यर्थी फरवरी माह तक इन भर्तियों के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अलग-अलग भर्तियों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि अलग होने के कारण अभ्यर्थी लगातार आवेदन प्रक्रिया में जुटे हुए हैं।
किस भर्ती के लिए कब तक कर सकते हैं आवेदन
वनपाल भर्ती-2026 के तहत कुल 259 पदों पर भर्ती की जा रही है. इस भर्ती के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 4 फरवरी तय की गई है। परीक्षा का आयोजन 28 जून को किया जाएगा। इस भर्ती के लिए अब तक 97,748 अभ्यर्थी आवेदन कर चुके हैं।
महिला पर्यवेक्षक भर्ती-2026 में कुल 72 पद हैं। इस भर्ती के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 5 फरवरी रखी गई है। परीक्षा 18 जून को आयोजित होगी। अब तक इस भर्ती के लिए 24,281 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है।
कृषि पर्यवेक्षक भर्ती-2026 के तहत 1,100 पदों पर भर्ती होगी. इस भर्ती की परीक्षा 18 अप्रेल को आयोजित की जाएगी। अब तक 37,312 अभ्यर्थी इस भर्ती के लिए आवेदन कर चुके हैं।
एलडीसी भर्ती-2026 बोर्ड की इन पांचों भर्तियों में सबसे बड़ी भर्ती है। इसमें कुल 10,644 पद शामिल हैं। इस भर्ती की परीक्षा 5 और 6 जुलाई को आयोजित होगी। अभ्यर्थी 13 फरवरी तक आवेदन कर सकते हैं। अब तक इस भर्ती के लिए 1,13,394 अभ्यर्थी आवेदन कर चुके हैं।
लैब असिस्टेंट भर्ती-2026 के तहत कुल 804 पदों पर भर्ती की जा रही है। इस भर्ती की परीक्षा 9 और 10 मई को आयोजित होगी। आवेदन की अंतिम तिथि 25 फरवरी रखी गई है। अब तक इस भर्ती के लिए 1,694 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है।
इन पांच भर्तियों के लिए फीस और योग्यता
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा निकाली गई इन सभी भर्तियों के लिए उम्र सीमा, शैक्षणिक योग्यता और अन्य पात्रताएं अलग-अलग तय की गई हैं। इनकी विस्तृत जानकारी अभ्यर्थी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं। अलग-अलग वर्गों के अभ्यर्थियों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट भी दी गई है।
परीक्षा शुल्क: लगभग सभी भर्तियों में शुल्क समान रखा गया है। सामान्य वर्ग और क्रीमीलेयर श्रेणी के अन्य पिछड़ा वर्ग और अति पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा शुल्क 600 रुपए है। वहीं राजस्थान के नॉन क्रीमीलेयर श्रेणी के पिछड़ा वर्ग और अति पिछड़ा वर्ग, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, समस्त विशेष योग्यजन तथा अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा शुल्क 400 रुपए तय किया गया है।
