July 12, 2026

News Chakra India

Never Compromise

सीबीआई ने NEET पेपर लीक मामले में भाइयों दिनेश और मांगीलाल के घर व फार्म हाउस पर की 4 घंटे तलाशी, जानें इस जांच में क्या हुआ और क्या मिला?

सीबीआई ने NEET पेपर लीक मामले में भाइयों दिनेश और मांगीलाल के घर व फार्म हाउस पर की 4 घंटे तलाशी, जानें इस जांच में क्या हुआ और क्या मिला?

सीबीआई की टीम ने आज गुरुवार को करीब चार घंटे तक दिनेश और मांगीलाल के घर और फार्महाउस की तलाशी ली. सीबीआई की दो अलग-अलग टीमें कार्रवाई में जुटी रहीं।

एनसीआई@जयपुर

नीट पेपर लीक मामले में सीबीआई की जांच आज गुरुवार को जयपुर ग्रामीण के जमवारामगढ़ स्थित भाइयों दिनेश और मांगीलाल के घर व फार्म हाउस तक पहुंच गई। सीबीआई की दो टीमों ने करीब चार घंटे तक इनके घर और फार्म हाउस की तलाशी ली। एक टीम ने परिवार के सदस्यों मां और पत्नी के बयान दर्ज किए। साथ ही मोबाइल फोन सहित दूसरे जरूरी साक्ष्य जुटाकर सीज करने की कार्रवाई की गई, जबकि दूसरी टीम ने घर और फार्म हाउस के कमरों की गहन तलाशी ली।

हालांकि सीबीआई की टीम ने मीडिया को कोई आधिकारिक जानकारी देने से इनकार कर दिया। वहीं कल बुधवार तक दिनेश, मांगीलाल और विकास को बेगुनाह बताने वाले इनके परिजनों ने भी आज कैमरे के सामने कुछ भी बोलने से मना कर दिया।

बिखरा हुआ था पूरा घर

सीबीआई की कार्रवाई से घर के अंदर का पूरा सामान अस्त-व्यस्त मिला। दीवान और बैड खोलकर जांचे गए थे। कपड़ों को पूरी तरह खंगाला गया था‌, इसलिए अलमारियों का सामान बिखरा हुआ था। घर के अलग-अलग कमरों में तलाशी के निशान साफ दिखाई दे रहे थे।

घर के पास बने लग्जरी फार्म हाउस पर विलासिता से जुड़ी कई चीजें दिखाई दीं। अंदर जिम की व्यवस्था थी। लग्जरी गाड़ियां खड़ी थीं। खाना बनाने का सामान और शराब की बोतलें भी वहां पड़ी हुईं थीं।

कुछ सालों में अचानक आया खूब पैसा

केमरे के सामने तो अड़ोस पड़ोस के लोगों ने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया, लेकिन ऑफ रिकॉर्ड कई लोगों ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में इस परिवार के पास अचानक काफी पैसा आया। घर, फार्म हाउस और आसपास की जमीन भी परिवार ने खरीदी थी। पड़ोसियों ने यह भी कहा कि परिवार के पांच सदस्य डॉक्टर बन गए, जो गांव के लोगों के लिए हैरानी की बात है, हालांकि किसी को इस बात की जानकारी नहीं थी कि यह परिवार गलत तरीके से नीट परीक्षा पास कर रहा है।

सीबीआई की कार्रवाई के दौरान गांव में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। बच्चे दीवारों पर बैठकर कार्रवाई देखते रहे, जबकि आसपास की महिलाएं और पुरुष छतों से पूरी कार्रवाई को देखते रहे। गांव में अब इस परिवार को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं, लेकिन कोई भी खुलकर केमरे पर बोलने को तैयार नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.