एनसीआई@कोटा
नीट यूजी-2026 परीक्षा रविवार, 21 जून को कोटा में 92 परीक्षा केन्द्रों पर दोपहर 2 बजे से शाम 5.15 बजे तक होगी। नीट यूजी परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए शुक्रवार को सियाम ऑडिटोरियम में कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में संभागीय आयुक्त अनिल कुमार अग्रवाल, आईजी कोटा रेंज हरेन्द्र महावर, जिला कलक्टर पीयूष समारिया एवं पुलिस अधीक्षक शहर तेजस्वनी गौतम ने एनटीए के निर्देशानुसार परीक्षा के निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सफल आयोजन के लिए सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही प्रश्न पत्रों एवं गोपनीय सामग्री के सुरक्षित भंडारण एवं परिवहन, अभ्यर्थियों के बायोमेट्रिक सत्यापन, फ्रिस्किंग, परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा व्यवस्था तथा सतत निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करने के बारे में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कार्यशाला में बताया गया कि नीट यूजी-2026 कोटा में 92 परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित होगी। इसमें 32 हजार 715 अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र जारी किए गए हैं। अधिकारियों ने परीक्षा केन्द्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, ड्यूटी मजिस्ट्रेटों की नियुक्ति एवं उनके प्रशिक्षण, परीक्षा केन्द्रों के आसपास कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा नकल एवं संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने के निर्देश दिए। नीट यूजी-2026 परीक्षा अभ्यर्थियों को परीक्षा केन्द्र पर दोपहर 1.30 बजे तक परीक्षा प्रवेश दिया जाएगा। प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर एक टीम लीडर पुलिस अधिकारी नियुक्त किया जाएगा, जो वहां की सुरक्षा व्यवस्था की जांच करेगा। प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर सीसीटीवी, जैमर फिक्सिंग की व्यवस्था रहेगी।
एनटीए ने कोटा जिले में 6 सिटी कॉर्डिनेटर नियुक्त कर उन्हें परीक्षा केन्द्र आवंटित करते हुए समस्त व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी दी है। कार्यशाला में नीट यूजी-2026 परीक्षा के लिए एनटीए द्वारा नियुक्त ऑब्जर्वर, सेक्टर मजिस्ट्रेट, परीक्षा केन्द्र के लिए नियुक्त ड्यूटी मजिस्ट्रेट, सिटी कॉर्डिनेटर, फ्लाइंग स्क्वाड के सदस्य, केन्द्राधीक्षक, प्रत्येक परीक्षा केन्द्र के लिए नियुक्त पुलिस टीम लीडर आदि मौजूद रहे।

