पत्नी की छापेमार कार्रवाई में थानेदार की खुली पोल, बाथरूम में मिली लड़की
एनसीआई@ग्वालियर/मुरैना(मध्य प्रदेश)
एक थानेदार को उसकी आशिकमिजाजी उस वक्त भारी पड़ गई, जब पत्नी ने उसे एक फ्लेट में प्रेमिका के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया। पत्नी दो महीने से इस थानेदार की जासूसी करा रही थी। तब जाकर उसे सटीक सूचना मिली कि थानेदार साहब ग्वालियर के मुरार में एक फ्लेट में अपनी प्रेमिका के साथ हैं तो पत्नी पूरे पुलिसिया अंदाज में अपने रिश्तेदारों के साथ वहां जा धमकी और थानेदार की घेराबंदी कर ली।
यह थानेदार साहब उसी तरह पकड़े गए, जिस तरह वह किसी अपराधी को पकड़ते होंगे। उनकी पत्नी का कहना है कि पुलिस वाले की पत्नी होने के नाते इतना तरीका तो उन्हें भी आता है।
यह है मामला
मुरैना के सबलगढ़ स्थित रामपुरा थाना के इंचार्ज सब इंस्पेक्टर सुनील बानोरिया गुरुवार को पुलिस लाइन की एक महिला आरक्षक को लेकर ग्वालियर के मुरार थाना स्थित महालक्ष्मी अपार्टमेंट के फ्लेट में ठहरे थे। शुक्रवार सुबह पत्नी कंचन अपने भाई, पिता व अन्य मायके वालों को साथ लेकर वहां पहुंच गई। कंचन को दरवाजे पर देखकर सुनील की हालत खराब हो गई। किसी तरह उसने दरवाजा खोला। कंचन ने जब तलाशी ली, तो बाथरूम में एक युवती मिली। इसके बाद उसने और परिजन ने हंगामा कर दिया और पुलिस को बुला लिया।
एसआई ने प्रेमिका को बचाया
पत्नी और उसके परिजनों ने युवती की पिटाई भी शुरू कर दी। इस पर एसआई ने युवती को गले लगाकर बचाने की कोशिश की। इसके बाद थानेदार की पत्नी ने पुलिस को कॉल कर बुलाया। पुलिस इन सब को थाने लेकर पहुंची। वहां काफी देर तक हंगामा चला। आखिर में पति की कोई शिकायत नहीं करते हुए यह सभी लोग वापस लौट गए।
मीटिंग की कहकर निकले थे
सब इंस्पेक्टर सुनील की पत्नी कंचन बानोरिया ने कहा कि उनके पति का किसी महिला से अफेयर होने का उन्हें दो महीने पहले पता चला था। तभी से वह अपने भाई, रिश्तेदारों की मदद से उन पर नजर रख रहीं थीं। पल-पल की खबर व व्यवहार पर नजर रखी। गुरुवार को वह मीटिंग में जाने की कहकर घर से निकले थे। इसके बाद उनके पीछे किसी को लगाया। इसमें पता चला कि सुनील ने पुलिस लाइन से उस महिला आरक्षक को साथ लिया। वे लोग वहां से ग्वालियर के लिए रवाना हो गए। रात को वे वहां फ्लेट पर पहुंचे। कंचन का कहना है कि हमें हर बात की सूचना मिल चुकी थी, उनकी लोकेशन भी आ गई थी। इसके बाद वह अपने भाई, पिता व रिश्तेदारों को लेकर वहां पहुंच गई।
अभी परिवार की सहमति पर माफ कर दिया
इस मामले में कंचन का कहना है कि अभी परिवार की सहमति से यह मामला शांत हो गया है। उन्होंने वादा किया है कि वह आगे से ऐसा नहीं करेंगे। इसलिए माफ कर दिया है, लेकिन आगे से जरा भी ऐसा हुआ तो शांत नहीं रहूंगी।
