एनसीआई@तालेड़ा(बूंदी)
चारण गढ़वी इंटरनेशनल फाउंडेशन के तत्वावधान में संस्था के
स्थानीय प्रतिनिधि गुमान सिंह जाड़ावत के नेतृत्व में राजकीय महाविद्यालय तालेड़ा का नामकरण ‘महाकवि सूर्यमल्ल मिश्रण राजकीय महाविद्यालय तालेड़ा’ किए जाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नाम ज्ञापन सौंपा गया। इस जनभावना से जुड़े ज्ञापन की प्रति पूर्व राजपरिवार के सदस्य वंशवर्धन सिंह को भेंट कर उनके सहयोग और समर्थन का आग्रह किया गया।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने वंशवर्धन सिंह को महाकवि सूर्यमल्ल मिश्रण का चित्र भेंट कर उनका सम्मान किया तथा उन्हें महाविद्यालय के नामकरण की मांग से सम्बंधित ज्ञापन दिया। वंशवर्धन सिंह से इस ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक जनभावना के समर्थन में सकारात्मक सहयोग का आग्रह किया गया।
ज्ञापन में बताया गया कि महाकवि सूर्यमल्ल मिश्रण केवल बूंदी या हाड़ोती अंचल की ही नहीं, बल्कि सम्पूर्ण राजस्थान की सांस्कृतिक, साहित्यिक और ऐतिहासिक पहचान हैं। उन्होंने अपने ओजस्वी साहित्य, इतिहास लेखन और राष्ट्रभक्ति के माध्यम से समाज को नई दिशा प्रदान की। उनकी रचनाएं आज भी राजस्थान की वीरता, स्वाभिमान और गौरवशाली परम्पराओं की अमूल्य धरोहर मानी जाती हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि सूर्यमल्ल मिश्रण को राजस्थान में राष्ट्रीय चेतना के अग्रदूत और वीर रस के महान कवि के रूप में सम्मानित किया जाता है। उनकी अमर कृति ‘वंश भास्कर’ राजस्थान के इतिहास का महत्वपूर्ण दस्तावेज है, जबकि ‘वीर सतसई’ आज भी युवाओं में राष्ट्रप्रेम, साहस और स्वाभिमान की भावना जागृत करता है।
संस्था ने मांग की कि तालेड़ा महाविद्यालय का नाम महाकवि सूर्यमल्ल मिश्रण के नाम पर रखा जाना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी आने वाली पीढ़ियों को उनके आदर्शों और साहित्य से प्रेरणा मिलेगी।
ज्ञापन की प्रति जिला कलेक्टर, बूंदी को भी सौंपी गई। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने आशा व्यक्त की कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं महाराव राजा वंशवर्धन सिंह बूंदी इस जनभावना को सकारात्मक रूप से आगे बढ़ाकर ऐतिहासिक निर्णय में सहयोग करेंगे।
इस अवसर पर संस्था की ओर से विशाल सौदा, कैलाश जाड़ावत (शाहपुरा), रणजीत सिंह कविया, शिवदान सिंह मारू, मणिराज सिंह, वीरेंद्र सिंह, तेजेंद्र सिंह, गोपाल सिंह लीलेड़ा, भंवर सिंह भंवरदा आदि सदस्य मौजूद रहे।
