शौहर ने रचाई अन्य विवाहित महिला से दूसरी शादी, पहली पत्नी ने किया विरोध तो दे दिया तीन तलाक
एनसीआई@जोधपुर
लोहावट के देणोक गांव में विवाहिता को दहेज के लिए परेशान करने तथा पति के अन्य शादीशुदा महिला से निकाह कर लेने, पहली पत्नी के विरोध करने पर उससे मारपीट कर तीन तलाक देकर घर से निकाल देने का मामला सामने आया है।
इस मामले में अकबर खां पुत्र असरफ खां तेली निवासी तेलीवाड़ा भणियाणा, जिला जैसलमेर ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसके अनुसार उसकी बहन की शादी करीब 10 वर्ष पहले अनवर खां पुत्र सुभान खां, निवासी देणोक के साथ हुई थी। शादी के सात वर्ष तक सब कुछ ठीक-ठाक चल रहा था, लेकिन पिछले तीन साल से उसका पति अनवर, सास नूरी और ससुर सुभान उसे दहेज की मांग को लेकर तंग करने लगे। इसके साथ ही 2-3 बार घर से भी निकाल दिया।
करीब डेढ़ साल पहले उसे फिर से घर से निकाल दिया था। इसके बाद से महिला पीहर में ही रह रही है। इन्होंने 15 दिन पहले उसके ससुराल वालों को बुलाया था तो उन्होंने उसकी बहन को कुछ दिन बाद ले जाने की बात कही। दो दिन पहले इन्हें पता चला कि उसके पति अनवर खां ने शादीशुदा होते हुए दूसरी शादीशुदा महिला से शादी कर ली है। इस पर पीड़िता अपने भाई और भाभी के साथ ससुराल गई और पति को दूसरी शादी कर लेने का उलाहना दिया। तब उसके पति, सास और ससुर ने उसे भला बुरा कहा और लाठी व सरिए से मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद अनवर ने तीन बार तलाक कह कर उसे घर से निकाल दिया। उन्होंने उसका स्त्रीधन भी हड़प लिया। पीड़िता की रिपोर्ट पर लोहावट थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
