राजस्थान: एचडीएफसी बैंक की एटीएम कैश वैन में लगी भीषण आग, इसमें थे 2 करोड़ रुपए
राजस्थान के टोंक में नेशनल हाईवे-52 पर स्थित निवाई क्षेत्र में गुरुवार दोपहर को जयपुर से भीलवाड़ा की ओर जा रही एचडीएफसी बैंक की एटीएम कैश वैन में अचानक भीषण आग लग गई।
एनसीआई@टोंक
नेशनल हाईवे-52 पर स्थित निवाई तहसील क्षेत्र में गुरुवार दोपहर को एक बड़े निजी बैंक एचडीएफसी की एटीएम कैश वैन में अचानक आग लग गई। तेज हवा की वजह से आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था। देखते ही देखते वैन आग का गोला बन गई। एचडीएफसी बैंक की यह एटीएम कैश वैन जयपुर से भीलवाड़ा की ओर जा रही थी। इस वैन में करीब 2 करोड़ रुपए थे। गनीमत यह रही कि समय रहते निवाई पुलिस और हाईवे कर्मियों को इस घटना की तुरंत सूचना मिल गई। इससे वे एकदम सक्रिय हुए। मौके पर पहुंच कार्रवाई की। नतीजा यह हुआ कि जान-माल की कोई हानि नहीं हुई। साफ है कि वैन में रखे करीब 2 करोड़ रुपए भी सुरक्षित बचा लिए गए।
एटीएम कैश वैन चालक ने दिखाई सूझबूझ
एटीएम कैश वैन में शॉर्ट सर्किट होने की वजह से अचानक धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। पूरी एटीएम कैश वैन आग के गोले में तब्दील हो गई। इस पर पर वैन ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए वैन को सड़क किनारे रोक दिया। वहीं, आग का गोला बनी वैन को देख मौके से गुजर रहे व आसपास के लोगों में हड़कम्प मच गया।

लग गया लम्बा जाम
घटना की सूचना मिलते ही थानाधिकारी घासीराम के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। इस बीच वैन से उठती ऊंची लपटों से आसपास के लोग सहमे रहे। आग की तीव्रता के चलते हाईवे के दोनों ओर करीब 2-2 किलोमीटर लम्बा जाम लग गया।
निवाई पुलिस ने यातायात नियंत्रित किया
इधर, स्थानीय लोगों की सूचना पर हाईवे एम्बुलेंस टीम ने तुरंत पहुंच राहत कार्य में सहयोग दिया। अग्निशमन वाहन ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। करीब पौन घंटे बाद हालात सामान्य हुए। जिसके बाद पुलिस ने यातायात को व्यवस्थित रूप से सुचारू कराया।
शाखा प्रबंधक भी घटना स्थल पर पहुंचे
जयपुर रीजनल ऑफिस से इस घटना की सूचना मिलने पर बैंक के निवाई शाखा प्रभारी गिर्राज घीया मौके पर पहुंचे और वेन से निकाले गए कैश से भरे तीन बक्सों को सुरक्षित निवाई शाखा पर लाकर स्ट्रांग रूम में रखवाया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
शाखा प्रबंधक गिर्राज घीया ने बताया कि जयपुर से भीलवाड़ा कैश लेकर जा रही वेन में आग लगने की सूचना पर मौके पर पहुंच कैश के तीन बक्सों को स्थानीय शाखा पर लाकर रखवाया। बाद में दूसरी वैन आने पर उन्हें वापस सुपुर्द कर दिया। यह दूसरी वैन अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गई।
