मध्यप्रदेश में आज रात 11 बजे से नाइट कर्फ्यू, सुबह 5 बजे तक रहेगा लागू
एनसीआई@भोपाल
देश में कोरोना के मामले फिर बढ़ते देखकर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज चौहान ने गुरुवार से राज्य में नाइट कर्फ्यू लगाने की घोषणा की है। प्रदेश में अब रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक आवाजाही पर रोक रहेगी। मुख्यमंत्री ने लोगों से सोशल डिस्टेंसिंग फॉलो करने, मास्क पहनने और कोरोना से बचाव के सभी उपायों का पालन करने की अपील की है।
उन्होंने इस बारे में सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर कहा क एमपी में कई महीने बाद कोविड के 30 नए केस मिले हैं। देश में भी बुधवार को 7,995 पॉजिटिव मिले थे। महाराष्ट्र, गुजरात और दिल्ली में भी पिछले एक सप्ताह से कोविड मामले तेजी से बढ़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन तीनों राज्यों से मध्यप्रदेश में अधिक आवागमन होता है। पहले भी हमारा अनुभव है कि महाराष्ट्र में, फिर गुजरात में और उसके बाद मध्यप्रदेश में कोरोना वायरस की पहली और दूसरी लहर आई। पुरानी दोनों लहर के दौरान राज्य में संक्रमण की शुरुआत इंदौर और भोपाल से ही हुई थी। इंदौर में अब फिर से वीकली केस नवम्बर की तुलना में दिसम्बर में तीन गुना हो गए हैं, जो चिंता की बात है।
उन्होंने कहा कि कोरोना का नया वेरिएंट ओमिक्रॉन देश के 16 राज्यों में पहुंच चुका है। मध्यप्रदेश में भी इस वेरिएंट के मामले मिल सकते हैं। ओमिक्रॉन तेजी से फैलता है। ब्रिटेन में एक लाख मामले रोजाना आ रहे हैं, जबकि अमेरिका में भी तेजी से मामले बढ़े हैं। ऐसे में बचाव ही जरूरी है।
मुम्बई में एक ही दिन में 602 पॉजिटिव केस, केन्द्र चुनावी राज्यों को वैक्सीनेशन बढ़ाने के निर्देश
महाराष्ट्र में कोरोना के केसेज एक बार फिर से डराने लगे हैं। मुम्बई में गुरुवार को एक ही दिन में 602 नए पॉजिटिव मरीजों की पहचान की गई है। 6 अक्टूबर के बाद पहली बार मुम्बई में इतने ज्यादा संक्रमित एक दिन में मिले हैं। इधर, देश में कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन के मामले अचानक तेजी से मिलने के बीच केन्द्र सरकार ने चिंता जताई है।
न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, केन्द्र सरकार ने गुरुवार को खास तौर पर उन राज्यों के अपने यहां कोरोना वैक्सीनेशन की दर को तेज करने का निर्देश दिया, जिनमें अगले कुछ महीने में चुनाव होने हैं।
देश के पांच राज्यों उत्तर प्रदेश, पंजाब, गोवा, उत्तराखंड और मणिपुर में विधानसभाओं का कार्यकाल अगले साल की शुरुआत में खत्म हो रहा है। इन सभी राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं।
हालांकि फिलहाल पंजाब, गोवा और मणिपुर में ओमिक्रॉन का कोई मरीज नहीं मिला है, जबकि यूपी और उत्तराखंड में भी बेहद कम मामले हैं, लेकिन देश के 17 राज्यों तक पहुंच चुके नए वैरिएंट के पिछले 24 घंटे के अंदर 64 मामले मिलने से चिंता के हालात बन गए हैं। देश में अब ओमिक्रॉन के कुल 325 मामले हैं।
ऑस्ट्रेलिया से गाजियाबाद लौटा पूरा परिवार संक्रमित, अमेरिका से बुलंदशहर आई छात्रा भी पॉजिटिव
गाजियाबाद में गुरुवार को सात लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसमें पांच लोग हाल ही में ऑस्ट्रेलिया और अमेरिका से लौटे हैं। स्वास्थ्य विभाग को आशंका है कि ये लोग ओमिक्रॉन संक्रमित हो सकते हैं। इनके सेम्पल लेकर जांच के लिए दिल्ली लैब में भेजा है।
अजमेर में 7 दिन घर बैठा रहा ओमिक्रॉन पॉजिटिव
राजस्थान के अजमेर में कोरोना के ओमिक्रॉन वैरिएंट से संक्रमित मरीज और उसके परिवार ने कई लोगों को खतरे में डाल दिया है। अफ्रीका के घाना से आए युवक की 7 दिन पहले ही कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आ चुकी थी। वह बीमार हालत में घर में ही बैठा रहा और उसके परिवार वाले स्वास्थ्य विभाग की टीम से उसके बारे जानकारी छिपाते रहे। 7 दिन तक परिवार वाले बाहर आते-जाते रहे और लोगों के सम्पर्क में रहे।
