भारतीय किसान संघ 10 जनवरी तक चलाएगा जनजागृति अभियान
एनसीआई@जयपुर
भारतीय किसान संघ की जयपुर कार्यालय में सम्भाग स्तरीय बैठक हुई। इस बैठक में वक्ताओं ने कहा कि किसान आत्मनिर्भर बनेगा तब ही देश मजबूत बनेगा। किसानों के सर्वांगीण विकास की जरूरत है। इसमें किसानों की समस्याओं को लेकर दस दिवसीय जनजागरण अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।
भारतीय किसान संघ के सम्भागीय अध्यक्ष पोखरमल जाट की अध्यक्षता में हुई बैठक में कहा गया कि किसान छोटी-मोटी कई समस्याओं से परेशान हैं, मगर सरकार के स्तर पर उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। ऐसे में किसानों की समस्याओं के निदान को लेकर विचार- विमर्श किया गया।
इस दौरान एक से 10 जनवरी तक ग्राम स्तर पर किसानों की समस्याओं को लेकर जनजागृति फैलाने का निर्णय किया गया। इसके बाद 11 जनवरी को किसानों की समस्याओं को लेकर तहसील स्तर पर प्रदर्शन कर धरना दिया जाएगा। धरने के बाद उपखंड अधिकारी को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन दिए जाएंगे।
बैठक में भारतीय किसान संघ के विस्तार का निर्णय भी लिया गया। इसके तहत तहसील स्तर पर कार्यकारिणी गठित की जाएगी। कार्यकारिणी से ग्राम स्तर पर भी किसानों को जोड़ा जाएगा। इसके लिए टोली बनाकर स्थानीय किसानों से सम्पर्क किया जाएगा। बैठक में संघ के प्रान्त महामंत्री डॉ. सांवरमल सोलेट, क्षेत्रीय संगठन मंत्री राजवीर, गौ सेवा प्रमुख पुष्कर राज, मंत्री सीताराम सैनी, सहकारिता प्रमुख धर्मपाल, युवा प्रमुख धर्मराज मीणा, विपणन प्रमुख बाबूलाल शर्मा, प्रचार प्रमुख डॉ लोकेश कुमार आदि मौजूद रहे।
