वैष्णो देवी मंदिर में भगदड़ से बड़ा हादसा, 12 की मौत, कई अन्य घायल
जम्मू-कश्मीर।
कटरा के वैष्णो देवी भवन (Vaishno Devi Bhawan) में शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात करीब पौने तीन बजे श्रद्धालुओं के दो पक्षों में हुई तकरार के बाद मची भगदड़ में 12 लोगों की मौत हो गई, वहीं 13 लोग घायल बताए जा जा रहे हैं। प्रशासन ने इस सम्बन्ध में हेल्पलाइन नम्बर जारी किए हैं। इन नम्बरों से लोग अपनों की जानकारी ले सकते हैं।

एलजी जम्मू-कश्मीर कार्यालय और श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की ओर से हेल्पलाइन नम्बर 01991-234804, 01991-234053 जारी किए गए हैं। इसके अलावा अन्य हेल्पलाइन नम्बर: पीसीआर कटरा: 01991232010/ 9419145182, पीसीआर रियासी 0199145076/ 9622856295, डीसी कार्यालय रियासी नियंत्रण कक्ष: 01991245763/ 9419839557 से भी जानकारी ली जा सकती है।
इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित विभिन्न नेताओं ने गहरा दुख जताया है। जम्मू-कश्मीर के डीजीपी दिलबाग सिंह ने मीडिया को बताया कि प्रारम्भिक सूचना के अनुसार यहां किसी बहस के बाद लोगों ने एक-दूसरे को धक्का दे दिया, जिसके बाद भगदड़ मच गई।
उल्लेखनीय है कि नए साल पर हर वर्ष देशभर से श्रद्धालु माता वैष्णो देवी के दर्शन करने के लिए पहुंचते हैं। शुक्रवार-शनिवार रात भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचे थे। हादसे के तुरंत बाद राहत कार्य शुरू कर दिया गया था। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया ।
