बूंदी जिला बेडमिंटन संघ अब शहर की ऐतिहासिक बावड़ियों के पुनर्जीवन के लिए चलाएगा यह अभियान
एनसीआई@बूंदी
छोटीकाशी बूंदी को स्वच्छ और सुंदर बनाने के जिला कलक्टर डॉ. रविंद्र गोस्वामी के शुरू किए गए किए गए मेगा सफाई अभियान के तहत जिला बेडमिंटन संघ, शहर की ऐतिहासिक धरोहर बावड़ियों की सफाई कर उन्हें सहेजने की मुहिम शुरू करने जा रहा है। इसकी शुरुआत 22 अगस्त को खेल संकुल स्थित ऐतिहासिक पुरानी बावड़ी से की जाएगी।
बेडमिंटन संघ के अध्यक्ष एडवोकेट अजय नुवाल ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 22 अगस्त को शाम 5.15 बजे से इस पुनीत कार्य का श्रीगणेश जिला कलक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी के सानिध्य में किया जाएगा। खेल संकुल में मौजूद इस एकमात्र जल स्त्रोत के जीवित हो जाने से हाल ही में लगाए गए पौधों को जल रूपी संजीवनी मिल सकेगी। संघ के उपाध्यक्ष ध्रुव ओझा, कोषाध्यक्ष सुमित पारीक, सदस्य अमित शर्मा, कैप्टन हरिहंत सिंह, वीनू जाड़ावत व अंजार अहमद इस अभियान की तैयारियों में जुट गए हैं।
संघ के सचिव गुरुदत्त शर्मा ने सभी खिलाड़ियों से अपील की है कि वे खेल संकुल को स्वच्छ बनाने के इस अभियान में भागीदार बने।
पिकल बॉल संघ के अध्यक्ष पुरुषोत्तम पारीक ने बेडमिंटन संघ के इस अभियान को सराहते हुए खिलाड़ियों से इसमें पूर्ण सहभागिता निभाने का आह्वान किया है।
