एनसीआई@जयपुर
रोहतक (हरियाणा) में आयोजित अंडर-23 नेशनल रेसलिंग चेम्पियनशिप में राजस्थान के पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया। बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर राजस्थान ने 113 अंकों के साथ प्रतियोगिता में पहली बार देशभर में तीसरा स्थान हासिल कर नया इतिहास रच दिया।
इस प्रतियोगिता में पहले दिन महिला वर्ग के मुकाबले हुए। इसमें 68 किलोग्राम वर्ग में अश्विनी विश्नोई ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं 50 किलोग्राम वर्ग में कोमल वर्मा ने रजत पदक जीता। 57 किलोग्राम वर्ग में निशा सैनी तथा 72 किलोग्राम वर्ग में माया माली ने कांस्य पदक जीतकर राजस्थान की पदक तालिका को मजबूत किया।
पिछले डेढ़ वर्ष में राजस्थान राज्य कुश्ती संघ की ओर से प्रदेश में कुश्ती का मजबूत माहौल तैयार करने के लिए लगातार प्रयास किए हैं। खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं, अधिक से अधिक राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भागीदारी के अवसर तथा प्रदेश में प्रतियोगिताओं के नियमित आयोजन पर विशेष ध्यान दिया गया है।
इसी का परिणाम है कि आज राजस्थान में कुश्ती के प्रति युवाओं का रुझान तेजी से बढ़ रहा है। खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं। पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। इस उपलब्धि पर कुश्ती संघ के अध्यक्ष राजीव दत्ता ने सभी पदक विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि अंडर-23 केटेगरी में राष्ट्रीय प्रतियोगिता में तीसरा स्थान प्राप्त करना राजस्थान के लिए गर्व का विषय है, लेकिन यह हमारी अंतिम मंजिल नहीं है। हमारा लक्ष्य केवल पदक जीतना नहीं, बल्कि प्रदेश में कुश्ती की मजबूत और स्थायी व्यवस्था विकसित करना है, जिससे अधिक से अधिक खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राजस्थान का प्रतिनिधित्व करें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में राजस्थान कुश्ती के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी मजबूत पहचान स्थापित करेगा।
