शादी के बाद भी मिल रहे थे, कैद हुई तो कस्टडी से भाग कर प्रेमिका की ससुराल के सामने फंदे से लटक गया प्रेमी
एनसीआई@सवाईमाधोपुर(राजस्थान)
अपने प्यार को ना पाने से हताश एक प्रेमी ने उसकी प्रेमिका की ससुराल के सामने रात को फंदे से लटक कर अपनी जान दे दी। इस प्रेमी को दुष्कर्म की शिकायत के बाद पुलिस ने 2 दिन पूर्व हिरासत में लिया था। मगर पुलिस हिरासत से भाग कर उसने इस घटना को अंजाम दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जिले के श्यामपुरा निवासी मनराज मीणा का श्यामपुरा की ही एक युवती से चार-पांच साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। लेकिन इसी दौरान करीब एक वर्ष पूर्व युवती की शादी रवांजना डूंगर थाना क्षेत्र के विस्थापित हिंदवाड गांव में हो गई। प्रेमी और प्रेमिका का प्रेम फिर भी परवान पर रहा। वे किसी न किसी बहाने और तरीके से मिलते रहे। कुछ समय बाद प्रेमिका के ससुराल पक्ष को इन दोनों के प्रेम प्रसंग की भनक लग गई। इस पर ससुराल पक्ष ने युवती को रवांजना डूंगर थाने ले जाकर उसके प्रेमी के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज करवा दिया।

ग्रामीणों ने सुबह शव लटका हुआ देखा
सात दिन पूर्व दर्ज करवाए गए केस में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो दिन पूर्व आरोपी मनराज मीणा को धर-दबोचा और अपनी हिरासत में ले लिया। लेकिन बाद में मनराज पुलिस कस्टडी से फरार हो गया। इसके बाद उसने अपनी प्रेमिका के ससुराल के सामने फंदे से लटककर जान दे दी। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने उसके शव को लड़का देखा तो गांव भर में खलबली मच गई। पुलिस को सूचना मिली तो उसने शव उतरवा कर स्थानीय मोर्चरी में पहुंचा कर मामले की जांच शुरू की।
इधर, जैसे ही इस बात की सूचना गांव में फैली मौके पर भारी संख्या में लोग जमा हो गए। मृतक के परिजन और ग्रामीण बेहद आक्रोशित दिखाई दिए। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए 6 थानों के थानाधिकारी व अन्य उच्च पुलिस अधिकारी मोर्चरी पर तैनात रहे।
एएसआई और कांस्टेबल पर कार्रवाई
इससे पहले मनराज के पुलिस कस्टडी से भागने को गम्भीरता से लेते हुए एसपी सुनील बिश्नोई ने रवांजना डूंगर थाने के एक एएसआई और एक कांस्टेबल को लाइन हाजिर कर दिया था।
परिजनों ने रखी बड़ी मांगें
करीब 8 घंटे की समझाइश के बाद मृतक के परिजन शव लेने को राजी हुए। मृतक के परिजनों ने उसके आश्रितों को 25 लाख रुपए मुआवजा, दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने, एक आश्रित को सरकारी नौकरी दिए जाने और घटना की जांच सीआईडी सीबी से करवाने की मांग को लेकर एसपी को पत्र सौंपा है। साथ ही रवांजना डूंगर थाने में दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किए जाने की रिपोर्ट भी दी है। मेडिकल बोर्ड ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया।
