एनसीआई@बूंदी
राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड के तत्वावधान में पर्यावरण शिक्षा कार्यक्रम के तहत शनिवार को पेचग्राउंड स्थित स्काउट गाइड प्रांगण में पौधरोपण अभियान का आयोजन किया गया। इसके तहत स्कूल के स्काउट, गाइड व कॉलेज रोवर, रेंजर्स ने बढ़ चढ़कर पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर सहायक राज्य संगठन आयुक्त डॉ. दिलीप कुमार माथुर मुख्य अतिथि रहे। अध्यक्षता महिला अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक भैरु प्रकाश नागर ने की। आयोजन में संगठन के उपप्रधान केसी वर्मा, रेखा शर्मा, ऊषा शर्मा, स्थानीय संघ प्रधान चतुर्भुज महावर, स्काउट जिला आयुक्त राजेन्द्र व्यास, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी प्रहलाद शर्मा, देवप्रकाश ओझा व जिला कोषाध्यक्ष बुद्धि प्रकाश पुंडीर विशिष्ट अतिथि रहे। महिला अधिकारिता विभाग के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में अतिथियों ने संभागियों के साथ पौधरोपण कर अभियान का शुभारम्भ किया।
पौधरोपण बेहद आवश्यक: माथुर
मुख्य अतिथि सहायक राज्य संगठन आयुक्त डॉ. दिलीप कुमार माथुर ने अपने सम्बोधन में कहा-प्रकृति संरक्षण के लिए पौधरोपण बेहद आवश्यक है। इसमें स्काउट-गाइड की अहम भूमिका है। इस अभियान से एक जन चेतनाकारी वातावरण निर्मित होगा। स्काउट-गाइड को अपने आसपास के लोगों को प्रेरित कर पौधरोपण करवाना चाहिए।
अधिकाधिक पौधरोपण करने का संकल्प दिलाया
संभागियों को सम्बोधित करते हुए केसी वर्मा, चतुर्भुज महावर, प्रहलाद शर्मा, राजेन्द्र व्यास आदि ने प्रकृति संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। सीओ स्काउट प्रदीप चित्तौड़ा ने आयोजन का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए संभागियों को अधिकाधिक पौधरोपण करने का संकल्प दिलाया। सीओ गाइड मधु कुमारी ने आभार प्रकट किया। स्काउट गाइड की मृदुल वाटिका के संरक्षण एवं देखभाल का जिम्मा मृदुल अग्रज सेवा दल के सदस्यों ने लिया।

प्रारम्भ में गार्ड ऑफ ऑनर व अतिथियों का अभिनंदन
गार्ड ऑफ ऑनर व करतल ध्वनि से शुरू हुए कार्यक्रम में अग्रज दल एवं महिला अधिकारिता विभाग की ओर से अतिथियों का अभिनंदन किया गया। महिला अधिकारिता विभाग के सहयोग से आयोजित इस अभियान में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत एक पौधा बेटी के नाम लगाया गया। साथ ही कुछ माह पूर्व जन्मी बेटी का जन्मोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर हट्टीपुरा, माटूंदा, लिटिल एंजेल, श्री रघुनाथ अकैडमी, हिमाद्री रेंजर टीम, मदन मोहन मालवीय रोवर ग्रुप, मृदुल अग्रज सेवा दल के स्काउट गाइड्स रोवर रेंजर, महिला अधिकारिता और स्काउट के सदस्यों ने भाग लिया।
