जिस पत्नी की हत्या के आरोप में 6 महीने से जेल में बंद है पति, वो अपने मायके में जिंदा मिली
एनसीआई@सीतामढ़ी (उत्तर प्रदेश)
सीतामढ़ी में एक युवक अपनी पत्नी की हत्या के आरोप में बीते 6 महीने से जेल में बंद है। मगर हर कोई उस समय हैरान रह गया, जब पता चला कि उसकी पत्नी तो अपने मायके में सुरक्षित रह रही है। पुलिस ने उस महिला को वहां से जिंदा बरामद किया तब पूरे मामले का खुलासा हुआ।
दरअसल, घटना जिले के चोरौत थाना क्षेत्र के परीगामा गांव की है, जहां करीब 7 महीने पहले लड़की के परिजनों ने दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया था। इसके बाद आरोपी पति 6 महीने से जेल में बंद है। पुलिस की छानबीन में महिला अपने मायके में सुरक्षित मिली। पुलिस ने उसे स्थानीय न्यायालय में पेश किया, जहां उसका बयान दर्ज हुआ।
इस बारे में थानाधिकारी जितेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि शशि कुमार अपनी पत्नी हीरा देवी की हत्या के मामले में जेल में बंद है। 7 महीने पहले नेपाल के महोत्तरी जिला के मटिहानी थाना क्षेत्र के वार्ड पांच निवासी विनोद नायक ने शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें कहा गया था कि उनकी बेटी हीरा देवी को ससुराल वालों ने जलाकर मार डाला है। उन्होंने यह भी कहा था कि आरोपियों ने शव को जला दिया है। विनोद नायक ने अपने दामाद शशि कुमार, उसके भाई संजय महतो और सास सुमित्रा देवी पर दहेज के लिए बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया था।
इस शिकायत पर पुलिस ने पति शशि कुमार को 6 महीने पहले गिरफ्तार कर लिया था। इधर जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि हीरा देवी तो नेपाल स्थित अपने मायके में जीवित है। वहीं, महिला के परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार बाहर से कमा कर लौटने के दौरान शशि कुमार ने उसकी पत्नी हीरा देवी को मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन पर छोड़ दिया था। इसके बाद वह अपनी सूझबूझ से परिजनों के पास नेपाल पहुंच गई थी। बताया जा रहा है कि वह मानसिक रूप से थोड़ी अस्वस्थ है। इनका एक साल का एक बेटा भी है।
