पायलट गरजे-वसुंधरा राज के घोटालों पर कार्रवाई क्यों नहीं करती सरकार, ललित मोदी के साथ जिनका नाम जुड़ा, उनके खिलाफ एक्शन हो
एनसीआई@पाली
सचिन पायलट अपनी जन सभाओं में लगातार गहलोत सरकार पर हमले कर रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार को पाली के सादड़ी में हुए किसान सम्मेलन में उन्होंने सरकार पर बड़े सवाल उठाए।
पायलट ने कहा कि सरकार बने चार साल हो गए, वसुंधरा राज के जिन घोटालों पर हमने आरोप लगाए, जिनके सबूत हैं, उन पर कार्रवाई क्यों नहीं करते? केन्द्र की सरकार गांधी परिवार को बेवजह परेशान कर रही है और राजस्थान में हमारी सरकार बीजेपी राज के घोटालों पर कार्रवाई क्यों नहीं करती?

सचिन पायलट ने कहा- विपक्ष में 5 साल कड़ी मेहनत से सरकार बनाई, उन पांच सालों में वसुंधरा की सरकार राजस्थान में थी, हमने वसुंधरा सरकार को चुनौती दी थी कि आपके भ्रष्टाचार और काले कारनामों को हम एक्सपोज करेंगे। जो दोषी पाए जाएंगे उनके खिलाफ कार्रवाई करेंगे। 2018 में जनता ने भाजपा की सरकार को विदाई दी तो इस विश्वास से कि उस 5 साल में जो गड़बड़ घोटाले हुए, हम उसकी जांच करेंगे और जो दोषी पाए जाएंगे उन पर कार्रवाई करेंगे।
ललित मोदी से जिनका नाम जुड़ा, उनके खिलाफ कार्रवाई हो
सचिन पायलट ने कहा- आप सब जानते हो बीजेपी राज में जमीन और शराब के घोटाले हुए। कई देश छोड़कर भाग गए। ललित मोदी जी विदेश में बैठे हैं। उन लोगों का नाम जिनके साथ जुड़ा था, उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
‘…नहीं तो जनता आगे हम पर विश्वास नहीं करेगी
पायलट ने कहा- कांग्रेस की सरकार रिपीट हो सकती है, लेकिन जो भ्रष्टाचार में लिप्त थे, जिनको बेनकाब करके हमने राजस्थान में सरकार बनाई है, उन लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की तो जनता हमारी बात पर विश्वास नहीं करेगी। मैं दुश्मनी की बात नहीं करता, लेकिन हमने जो आरोप लगाए हैं, जिनके प्रमाण हैं, उन पर तो कार्रवाई कीजिए।
पायलट ने कहा- हमारी जब 2013 में कांग्रेस की सरकार बनी थी तो वसुंधरा के कार्यकाल में जो भ्रष्टाचार हुआ उसकी जांच के लिए हमने एक माथुर आयोग बनाया था। दुर्भाग्य से वह आयोग भी कुछ नहीं कर सका और 5 साल बीत गए। अब समय आ गया है कि दूध का दूध और पानी का पानी हो जाए।
केन्द्र की सरकार गांधी परिवार को परेशान कर रही
पायलट ने कहा- केन्द्र में बैठी सरकार हमारे नेताओं पर झूठे आरोप लगाती है। राहुल गांधी और सोनिया गांधी पर केस कर दिया और इनकम टेक्स से पूछताछ की गई। गांधी परिवार को पूछताछ के लिए बुलाया जाता है, जिस परिवार ने देश के लिए बलिदान दिया, उनकी सुरक्षा वापस ले ली जाती है। उन्हें परेशान करते हैं, उन पर झूठे केस दर्ज करके अपमानित करते हैं।
पायलट ने कहा कि हमारी सरकार राजस्थान में है, जो भाजपा के नेता भ्रष्टाचार में लिप्त रहे हैं, उन पर हम क्यों नहीं कार्रवाई करते हैं। मैं प्रतिशोध की भावना से काम नहीं करना चाहता, लेकिन जिन लोगों के भ्रष्टाचार को बेनकाब करके हम सत्ता में आए उन लोगों से हिसाब लेना पड़ेगा।
