पनीर के लिए घराती-बरातियों में जमकर चले लात-घूंसे, पुलिस को फटकारनी पड़ी लाठियां
एनसीआई@बागपत
उत्तर प्रदेश के बागपत में आयोजित एक शादी समारोह में खाने में पनीर नहीं मिलने पर बराती भड़क गए। इससे नौबत यहां तक आ गई कि घराती व बारातियों के बीच लात-घूंसे चले। इतना ही नहीं चारपाई के पाये से भी वार किया गया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने लाठी फटकार कर भीड़ को खदेड़ा।
मामले के अनुसार बड़ौत कोतवाली क्षेत्र के एक गांव से बुधवार को बागपत शहर में बरात आई थी। मैरिज होम में शादी का कार्यक्रम था। रात को यहां जब बराती खाना खाने बैठे तो उसमें पनीर न मिलने पर कुछ बरातियों ने खाना परोस रहे युवकों से कहासुनी की। इसी बीच कुछ बारातियों ने डीजे पर मनमर्जी गाना न बजाने व डांस करने को लेकर भी गाली-गलौज कर डाली। दुल्हन पक्ष के लोगों के समझाने के बाद भी बराती शांत नहीं हुए। इसी को लेकर घराती व बरातियों में झगड़ा हो गया। उनके बीच लात-घूसे, डंडे और चारपाई का पाये तक चले। जमीन पर गिरा-गिराकर एक दूसरे की पिटाई की गई। इसमें कई लोग चोटिल हुए। मौके पर भीड़ एकत्र हो गई।
पुलिस की कार्रवाई पर यह हुआ
पुलिस इस मामले में तीन-चार युवकों को पकड़कर कोतवाली ले जाने लगी, मगर दोनों पक्षों के लोगों के अनुरोध पर बाद में उन्हें छोड़ दिया। कोतवाली प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि शादी समारोह में मामूली विवाद हुआ था। दोनों पक्षों में सुलह-समझौता हो गया है। झगड़े के समय किसी ने मोबाइल से वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया था।
