राज्यसभा में विपक्ष कर रहा नारेबाजी, फिर भी बोलते जा रहे पीएम मोदी, कांग्रेस पर तंज कसते हुए कही यह बात
एनसीआई@नई दिल्ली
राज्यसभा में आज दोपहर 2 बजे जैसे ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रपति के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव पर बोलना शुरू किया, वैसे ही विपक्ष का हंगामा और नारेबाजी शुरू हो गई। विपक्ष के सांसद बेल में आकर नारेबाजी करने लगे। वे अडानी मुद्दे पर जेपीसी की मांग के साथ मोदी-अडानी भाई भाई…. आदि नारे भी लगा रहे थे। इससे हो रहे भारी शोर के कारण शुरू में कुछ देर के लिए पीएम मोदी अपनी सीट पर बैठे, लेकिन इसके बाद फिर सभापति एवं उपराष्ट्रपति जगदीप धनकड़ के निर्देश पर बोलना शुरू किया तो रुके नहीं।
उनके पास कीचड़, मेरे पास गुलाल
पीएम मोदी ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा, ‘उनके पास कीचड़ है, मेरे पास गुलाल है। कुछ लोगों का व्यवहार, कुछ लोगों की वाणी न सिर्फ सदन को, देश को भी निराश करने वाली है। इस प्रकार की प्रवृत्ति के माननीय सदस्यों को यही कहूंगा कि कीचड़ उसके पास था, मेरे पास गुलाल, जो भी जिसके पास था, उसने दिया उछाल। अच्छा ही है, जितना कीचड़ उछालोगे, कमल उतना ही ज्यादा खिलेगा। इसलिए कमल खिलाने में आपका प्रत्यक्ष परोक्ष जो भी योगदान है, उसके लिए मैं उनका भी आभार व्यक्त करता हूं।’
कांग्रेस समस्याओं को टालती थी
पीएम मोदी ने कहा, ‘हमारी सरकार का स्थायी समाधान पर जोर है। कांग्रेस का कल्चर समस्याओं को टालने का था। कांग्रेस की कार्यशैली से किसी भी समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सकता। कांग्रेस ने देश के 6 दशक बर्बाद कर दिए। कांग्रेस राज में देश की जनता समस्याओं से जूझ रही थी।
पीएम मोदी ने कहा, ’60 साल कांग्रेस के परिवार ने गड्ढे ही गड्ढे कर दिए थे। हो सकता है उनका इरादा न हो, लेकिन उन्होंने किए। जब वो गड्ढे खोद रहे थे, 6 दशक बर्बाद कर चुके थे। तब दुनिया के छोटे-छोटे देश भी सफलता के शिखरों को छू रहे थे।’
इसके बाद भी पीएम मोदी का भाषण जारी था।
