परिचितों ने किया विवाहिता से गैंगरेप, अश्लील वीडियो वायरल करने और परिवार को मारने की दी धमकी
एनसीआई@जयपुर
शिवदासपुरा निवासी एक महिला से उसके परिचित 4 युवकों ने ही गैंगरेप किया। कार की पिछली सीट पर इस वारदात को अंजाम दिया। इसी के साथ अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने व परिवार को जान से मारने की भी धमकी दी। पीड़िता ने शिवदासपुरा थाने में चारों आरोपियों के खिलाफ गैंगरेप का मामला दर्ज करवाया है।
पुलिस ने बताया- शिवदासपुरा निवासी 23 साल की विवाहिता ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। उसके साथ शिवदासपुरा निवासी चार परिचितों ने ही गैंगरेप किया। शिवदासपुरा में उनके निर्माणाधीन मकान का काम चल रहा है। 7 फरवरी को चारों परिचितों ने उसके परिवार से मारपीट कर झगड़ा भी किया। इसके बाद देख लेने की धमकी दी। अगले दिन शिवदासपुरा थाने में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया।
यह बताया घटनाक्रम
20 फरवरी की सुबह करीब 9 बजे वह निर्माणाधीन मकान पर काम कर रही थी। उसकी मासूम बच्ची भी उसके साथ थी। आरोप है कि चारों परिचित आरोपी कार में आए। आते ही बच्ची को छीनकर मारने की धमकी दी। जबरन उसे कार की पिछली सीट पर पटक लिया। चारों आरोपियों ने उसके साथ बारी-बारी से गैंगरेप किया। उसका अश्लील वीडियो भी बना लिया।
अश्लील वीडियो को सोशल मीडिया पर डालने और परिवार को जाने से मारने की धमकी देकर चुप रहने को कहा। पीड़िता ने परिजनों को आपबीती सुनाई। इसके बाद चारों आरोपियों के खिलाफ गैंगरेप का मामला दर्ज करवाया। पुलिस मामला दर्ज करने के बाद इसकी जांच कर रही है।
