बीजेपी ने बदले राजस्थान, बिहार, दिल्ली और ओडिशा के प्रदेश अध्यक्ष
एनसीआई@दिल्ली/जयपुर
भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कई राज्यों के प्रदेशाध्यक्षों की नियुक्ति का ऐलान किया है। राजस्थान में इस साल के अंत में चुनाव होने हैं। इसके मद्देनजर राजस्थान में बीजेपी ने सतीश पूनिया की जगह लोकसभा सांसद सीपी जोशी को प्रदेशाध्यक्ष बनाया है सीपी जोशी चित्तौड़गढ़ बीजेपी सांसद हैं।

बिहार में सम्राट चौधरी को मिली जिम्मेदारी
वहीं, सम्राट चौधरी को बिहार बीजेपी का अध्यक्ष बनाया गया है। सम्राट चौधरी, संजय जायसवाल की जगह लेंगे। सम्राट चौधर अभी बिहार विधानसभा परिषद में नेता प्रतिपक्ष हैं और वह कुशवाहा समाज से आते हैं। सम्राट चौधरी पिछली एनडीए सरकार में मंत्री रहे थे।
दिल्ली में वीरेंद्र सचदेवा को सौंपी कमान
इसके अलावा बीजेपी ने दिल्ली में वीरेन्द्र सचदेवा को प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त किया है। सचदेवा को पिछले साल दिसम्बर में दिल्ली बीजेपी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था। उन्होंने आदेश गुप्ता की जगह ली थी। वहीं, ओडिशा में मनमोहन समल को बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष बनाया गया है। उल्लेखनीय है कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर बीजेपी संगठन में यह अहम बदलाव किए गए हैं।
