April 30, 2026

News Chakra India

Never Compromise

गैंगस्टर ठेहट के नाम पर महिला से 6 करोड़ रुपए मांगे, कहा- राजू ठेहट के मरने के बाद संभाल रहे हैं काम, कॉलेज का भला चाहती हो तो रुपए दो

गैंगस्टर ठेहट के नाम पर महिला से 6 करोड़ रुपए मांगे, कहा- राजू ठेहट के मरने के बाद संभाल रहे हैं काम, कॉलेज का भला चाहती हो तो रुपए दो

एनसीआई@जयपुर

गैंगस्टर राजू ठेहट की हत्या के बाद अब उसके गुर्गों ने भी धमकाना शुरू कर दिया है। ऐसा ही एक मामला राजधानी जयपुर में सामने आया है। यहां के एक कॉलेज की मालिक को धमकी देकर 6 करोड़ रुपए मांगे गए हैं। चेतावनी दी गई है -अपना और कॉलेज का भला चाहती हो तो हमें 6 करोड़ रुपए देने पड़ेंगे। पीड़ित महिला ने शनिवार को वैशाली नगर थाने में ठेहट के दो गुर्गों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है।

पुलिस ने बताया- खातीपुरा रोड वैशाली नगर निवासी 68 वर्षीय महिला ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। इसके अनुसार निवारू रोड पर वर्ष 2008 से उनका कॉलेज संचालित है। जिस जमीन पर कॉलेज है, वह इन्होंने पट्‌टों के द्वारा सोसायटी से खरीदी है। महिला ने रिपोर्ट में कहा है कि-हमारे खुद के नाम जो पट्‌टे थे, वह भूमि हमने सोसासटी के नाम करके सरपंच से एनओसी लेकर भवन बनाया था। तभी से इस पर बीएड कॉलेज चल रहा है। हमारे पट्टे लेने के 10-12 साल बाद जमीन के पूर्व मालिक विरदा व उसके बेटों ने अलग-अलग जगहों पर एफआईआर दर्ज करा कर कोर्ट केस करने शुरू कर दिए। ये हाईकोर्ट में लम्बित हैं।

कॉल के बाद मिलकर धमकाया

पीड़ित महिला ने शिकायत में कहा है कि- कॉलेज की जमीन को लेकर दो लड़कों ने पहले कॉल किया। बोले- हम ठेहट ग्रुप के हैं। आपकी ठेहट जी से बात हुई होगी, अब उनके मरने के बाद ये काम हम करेंगे। यानी आपने जो 6 करोड़ रुपए देने का वायदा किया था वो हमें देंगी। इसके बाद 5 अप्रेल को शाम करीब 7 बजे दो लड़के आए।

इन दोनों ने कहा- आपकी 6 करोड़ में ठेहट से समझौते की बात चल रही थी, वो तो मर गए, अब हम इस काम को करेंगे। आप अगर राजी हों तो यह काम राजी-राजी हो जाएगा। आप तैयार नहीं होंगी, तब भी हम यह काम तो करेंगे ही। मगर तब आप पूरी प्रॉपर्टी से हाथ धो बैठेंगी।

एफआईआर के अनुसार आरोपियों ने आगे कहा- यदि अपना और कॉलेज का भला चाहती हो तो हमें 6 करोड़ रुपए देने पड़ेंगे। जैसा आपने ठेहट भाई से वादा किया था।
वहीं इस पर कॉलेज मालकिन का कहना है कि मैंने तो ठेहट का नाम सिर्फ न्यूज पेपर में पढ़ा है। मैं उसे नहीं जानती हूं।

पुलिस जांच में जुटी

जांच अधिकारी एसआई राजेश कुमार ने बताया- एक कॉलेज की ऑनर की तरफ से शनिवार रात को मामला दर्ज करवाया गया है। उनका जमीन का पुराना का मामला है। उन्होंने बताया कि हंसराज जोशी नाम के लड़के ने उनको कॉल किया था। बातचीत के बहाने दो लड़के उनसे मिलने आए थे, जिन्होंने राजू ठेहट के आदमी बताकर उन्हें धमकाया है। महिला से 6 करोड़ रुपए मांग गए। रिपोर्ट दर्ज कर धमकाने आने वाले के बारे में पता किया जा रहा है।

यह है मामला

राजस्थान के कुख्यात गैंगस्टर रहे राजू ठेहट की सीकर में गत वर्ष 3 दिसम्बर की सुबह हत्या कर दी गई थी। कोचिंग की ड्रेस में पहुंचे बदमाशों ने घर के बाहर खड़े ठेहट पर फायरिंग की थी। उसे 3 से ज्यादा गोलियां लगी थीं। राजू ठेहट की हत्या के मामले में गैंगस्टर रोहित गोदारा का नाम सामने आया था। उसके नाम से एक फेसबुक पोस्ट भी की गई थी। इसमें राजू ठेहट की हत्या की जिम्मेदारी ली गई थी। रोहित बीकानेर के लूणकरणसर का ही रहने वाला है। बीकानेर पुलिस पिछले दिनों रोहित के नाम से सोशल मीडिया पर पोस्ट करने वाले दो आरोपियों को भी गिरफ्तार कर चुकी है। रोहित के फिलहाल कनाडा में होने की बात सामने आई है। यह फिलहाल लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा हुआ है।

सीकर बॉस के नाम से बुलाते थे

गैंगस्टर्स राजू ठेहट लग्जरी लाइफ जीने का शौकीन था। वह महंगी कार और बाइक पर काफिले के साथ घूमता था। गैंगस्टर राजू ठेहट को सीकर बॉस के नाम से बुलाया जाता था।

जयपुर जेल में बंद रहने के दौरान उसने अपनी गैंग को बढ़ाने के मकसद से जयपुर में भी अपना ठिकाना बनाया। उसे जयपुर के स्वेज फार्म में जिस मकान से पकड़ा था, उसकी कीमत 3 करोड़ रुपए बताई गई।

दरअसल, राजस्थान में गैंगस्टर्स आनंदपाल सिंह और राजू ठेहट में करीब दो दशक वर्चस्व की लड़ाई चली थी। आनंदपाल के एनकाउंटर के बाद राजू ठेहट का वर्चस्व हो गया था। जेल में बंद रहने के दौरान भी उसके फिरौती मांगकर संरक्षण देने के कई मामले सामने आए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.