खराब रिव्यू और विवादों के बीच बॉक्स ऑफिस पर ‘आदिपुरुष’ का दूसरे दिन रहा यह हाल
आदिपुरुष की दूसरे दिन की कमाई सामने आ गई है। जहां फिल्म ने पहले दिन अच्छा खासा कलेक्शन किया था, वहीं दूसरे दिन फिल्म की कमाई पर कुछ असर पड़ा है।
एनसीआई@सेन्ट्रल डेस्क
प्रभास और कृति सेनन स्टारर फिल्म ‘आदिपुरुष’ का फेंस को लम्बे समय से इंतजार था। ओम राउत के निर्देशन में बनी ये फिल्म जब 16 जून को थिएटर्स में रिलीज हुई तो फेंस का एक तबका फिल्म से खासा नाराज नजर आया। हालांकि इसके बावजूद फिल्म ने अच्छी खासी कमाई की है। लोगों का कहना है कि फिल्म में डायलॉग में गलत भाषा का उपयोग हुआ है। इस विवाद के बीच अब फिल्म की दूसरे दिन की कमाई सामने आ गई है।
पहले दिन किया था शानदार कलेक्शन
पहले दिन इस फिल्म ने बम्पर कमाई की थी। फिल्म का वर्ल्ड वाइड कलेक्शन 150 करोड़ रुपए रहा था। इसमें हिंदी भाषा में फिल्म ने 37 करोड़ कमाए थे तो वहीं तेलुगु में फिल्म की कमाई 48 करोड़, मलयालम में 4 लाख, तमिल में 7 लाख और कन्नड़ में 4 लाख रुपए हुई थी। इस प्रकार पहले दिन भारत में इसका कलेक्शन 86 करोड़ रुपए रहा था।
दूसरे दिन की इतनी कमाई
वहीं फिल्म की दूसरे दिन की कमाई इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार 65 करोड़ रुपए रही। इसमें से हिंदी में फिल्म की कमाई 37 करोड़ तो तेलुगु में 26 करोड़ रुपए हुई है। इस फिल्म से दर्शकों को काफी उम्मीदें थीं, हालांकि रिलीज के बाद से ही फिल्म के लगातार मिल रहे बेकार रिव्यूज से फिल्म को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
600 करोड़ के बजट में बनी फिल्म
ये फिल्म 600 करोड़ के बजट में बनकर तैयार हुई है, जो अब तक की सबसे महंगी फिल्मों में से एक मानी जा रही है। इस फिल्म का प्रचार भी काफी अच्छा किया गया था, जिससे दर्शकों की उम्मीदें काफी बढ़ गई थीं। हालांकि अब इस फिल्म से दर्शकों को कई शिकायतें हैं। कोई इसके डायलॉग से नाखुश है तो कोई इसके पात्रों से। वहीं फिल्म में कई चीजें आधुनिक तरीके से बताने की कोशिश की गई हैं, जो दर्शकों को रामायण काल में ले जाने में कामयाब होती नहीं दिखाई दे रही हैं। ऐसे में फिल्म को कुछ खास रिव्यूज भी नहीं मिले।अब देखना ये होगा कि फिल्म को इस वीकेंड का फायदा मिल पाता है या नहीं।
