मुख्यमंत्री गहलोत के 28 जून को बूंदी-कोटा के प्रस्तावित दौरे के सम्बन्ध में आई बड़ी खबर
एनसीआई@जयपुर
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का 28 जून को कोटा और बूंदी का प्रस्तावित दौरा स्थगित हो गया है। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी है।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री बुधवार, 28 जून को सुबह 11 बजे बूंदी पहुंच कर पुलिस परेड ग्राउंड में महंगाई राहत केम्प एवं प्रशासन शहरों के संग अभियान के तहत आयोजित होने वाले शिविर का अवलोकन करने वाले थे।
इसके बाद मुख्यमंत्री गहलोत का कोटा पहुंच कर गुमानपुरा में इंदिरा गांधी प्रतिमा के अनावरण समारोह में शामिल होने का कार्यक्रम था। इसी क्रम में उन्हें महंगाई राहत शिविर और मेगा जॉब शिविर का अवलोकन करना था।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री इससे पहले 20 जून को बूंदी और कोटा में इन्हीं कार्यक्रमों में शिरकत करने आने वाले थे, लेकिन तब उन्हें अचानक बिपरजॉय तूफान से प्रभावित इलाकों के दौरे पर जाना पड़ा था। इसलिए उनका दौरा स्थगित हो गया था।
अब इस बार मुख्यमंत्री गहलोत का दौरा स्थगित होने का कारण दिल्ली में आज राजस्थान के सम्बन्ध में कांग्रेस की होने वाली अहम बैठक को माना गया है। इस बैठक में संगठन में खाली चल रहे रिक्त पदों को भरने सहित सचिन पायलट के मुद्दे को सुलझाने पर गहन चर्चा कर निर्णय होने की सम्भावना जताई जा रही है। सम्भावना जताई गई है कि इसी सम्बन्ध में मुख्यमंत्री गहलोत भी दिल्ली जाएंगे। इसका संकेत आज ही चित्तौड़गढ़ के कपासन में आयोजित जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री गहलोत के सामने मंत्री उदयलाल आंजना के द्वारा मंच से की गई घोषणा से मिला। उन्होंने कहा-सीएम का दिल्ली जाने का कार्यक्रम है।
