दिग्गज अभिनेत्री वहीदा रहमान दादा साहेब फालके पुरस्कार से सम्मानित होंगी, अनुराग ठाकुर ने किया ऐलान
एनसीआई@नई दिल्ली
बॉलीवुड की वेटरन एक्ट्रेस वहीदा रहमान को दादा साहेब फालके लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने इस बात की घोषणा की है। वहीदा रहमान को गाइड, प्यासा, कागज के फूल और चौदहवीं का चांद जैसी फिल्मों में उनकी दमदार एक्टिंग के लिए जाना जाता है।
वहीदा रहमान हिंदी सिनेमा की दिग्गज एक्ट्रेस में से एक हैं। उन्होंने ब्लैक एंड व्हाइट से लेकर कलर फिल्मों में अपनी एक्टिंग का दम दिखाया है। उन्होंने अपनी एक्टिंग से लम्बे समय तक सिनेमा पर राज किया है। उन्होंने पर्दे पर देव आनंद, राज कपूर, राजकुमार, मनोज कुमार और सुनील दत्त सहित हिंदी सिनेमा के कई बड़े कलाकारों के साथ काम किया था।
वहीदा रहमान का जन्म 3 फरवरी 1938 को चेन्नई में हुआ था। उन्होंने 1955 में तेलुगू इंडस्ट्री में कदम रखा। इसके बाद उन्हें हिंदी सिनेमा में पहला ब्रेक 1956 में सीआईडी फिल्म से मिला। हालांकि, इस फिल्म में वहीदा रहमान ने नेगेटिव किरदार निभाया, लेकिन उनके रोल को बहुत पसंद किया गया। इस दौरान वहीदा और गुरु दत्त की जोड़ी भी फैंस को बहुत पसंद आती थी। उन्होंने उनके साथ प्यासा, कागज के फूल, चौदहवीं का चांद, साहिब बीवी और गुलाम जैसी फिल्मों में काम किया।
वहीदा रहमान ने 1965 में फिल्म गाइड के लिए फिल्म फेयर अवार्ड हासिल किया। वहीदा रहमान की पर्सनल लाइफ की बात की जाए तो उन्होंने 1974 में एक्टर शशि रेखी के साथ शादी कर ली, लेकिन 2000 में उनके पति की मौत हो गई। इसके बाद वहीदा रहमान ने एक बार फिर काम करना शुरू किया और दिल्ली 6, रंग दे बसंती और वॉटर जैसी फिल्मों में काम किया। आखिरी बार वहीदा रहमान ने साल 2021 में आई मराठी फिल्म स्केटर गर्ल में काम किया था।
