

एनसीआई@जयपुर
आज यानी कि शनिवार को भाजपा और कांग्रेस ने एक के बाद एक अपने प्रत्याशियों की लिस्ट जारी की। भाजपा की दूसरी सूची के करीब दस मिनट बाद ही कांग्रेस की पहली लिस्ट भी सामने आ गई। इसमें 33 प्रत्याशियों के नाम का ऐलान किया गया। वहीं भाजपा ने अपनी दूसरी सूची में 83 प्रत्याशियों के नाम का ऐलान किया है। भाजपा की दूसरी सूची में कांग्रेस छोड़कर आए दो नेताओं को भी टिकट दिया गया है। इसमें नागौर सीट ज्योति मिर्धा और धौलपुर सीट से शिवचरण कुशवाहा को टिकट दिया गया है। ये दोनों ही प्रत्याशी कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। इसके अलावा पिछले विधानसभा चुनाव में निर्दलीय लड़ने वाले दो प्रत्याशियों पर भी भाजपा ने भरोसा जताया है। पहली सूची में जिन नरपत सिंह राजवी का टिकट नहीं था, इस बार उन्हें चित्तौड़गढ़ से टिकट दिया गया है।


पिछली बार निर्दलीय प्रत्याशी रहे दो नेताओं को भी भाजपा ने टिकट दिया है। इनमें थानागाजी सीट से हेमसिंह भड़ाना और मेड़ता से लक्ष्मण राम मेघवाल को टिकट दिया है। भड़ाना पहले भाजपा व लक्ष्मण राम मेघवाल कांग्रेस में थे। इस बार भाजपा ने दोनों को ही अपना प्रत्याशी बनाया है। वहीं कांग्रेस छोड़कर आए प्रत्याशियों में से ज्योति मिर्धा को भाजाप ने नागौर से टिकट दिया है। बता दें कि यह सीट हनुमान बेनिवाल का गढ़ मानी जाती है।


वसुंधरा राजे और सतीश पूनिया को भी टिकट
भाजपा की इस सूची में राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को भी टिकट दिया गया है। वसुंधरा को भाजपा ने उनकी पुरानी सीट झालरापाटन से ही टिकट दिया है। इसके साथ ही भाजपा की तरफ से सीएम फेस की रेस में चल रहे पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया को भी उनकी आमेर सीट से ही प्रत्याशी बनाया है।
Related News –
राजस्थान: आखिरकार कांग्रेस ने जारी कर दी अपनी पहली सूची, 33 उम्मीदवारों में अशोक गहलोत, सचिन पायलट और सीपी जोशी जैसे दिग्गजों के नाम
