बूंदी: हिंडोली से राज्य मंत्री चांदना ने नामांकन दाखिल करने के बाद किया रैली को सम्बोधित, बूंदी और केशवरायपाटन से बागियों ने ठोकी ताल
एनसीआई@बूंदी
राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 में नामांकन के आखिर दिन आज सोमवार को केशोरायपाटन की राजनीतिक गर्मी की चर्चा हर जगह रही। यहां कांग्रेस से टिकट मांग रहे तीन दावेदारों में अलग-अलग नामांकन पत्र दाखिल किए।
पूर्व बूंदी जिला प्रमुख और गत बार कांग्रेस के केशवरायपाटन प्रत्याशी रहे राकेश बोयत विधानसभा क्षेत्र के आखिरी गांव काशपुरिया से वाहन रैली के साथ केशवरायपाटन उप निर्वाचन अधिकारी के समक्ष नामांकन दाखिल करने पहुंचे। बोयत ने एक आवेदन कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में तो दूसरा आवेदन निर्दलीय के प्रत्याशी के रूप में भरा। इसके अलावा पिछली तीन बार से कांग्रेस से टिकट मांग रहे डॉ. चंद्र शेखर सुशील भी इस बार नामांकन भर दिया। इसी तरह कांग्रेस कार्यकर्ता डीके मेघवाल ने भी नामांकन दाखिल किया।
गौरतलब है कि कांग्रेस ने केशवरायपाटन सीट से इस बार पिछली बार के बागी सीएल प्रेमी को टिकट दिया है। गत विधानसभा चुनाव में राकेश बोयत को यहां से टिकट मिलने के कारण ही सीएल प्रेमी पार्टी से बागी हुए थे, इस बार सीएल प्रेमी को टिकट मिलने से बोयत बागी हो गए हैं। गत बार यहां से बीजेपी की चंद्रकांता मेघवाल विजयी हुईं थीं। वहीं सीएल प्रेमी और राकेश बोयत को मिले वोटों का जोड़ चंद्रकांता मेघवाल को मिले वोटों की संख्या से काफी ज्यादा था।
बूंदी में रुपेश, गौरव व शिव भी अपनी पार्टियों के आड़े आए
बूंदी विधानसभा सीट पर यूं तो भाजपा के अशोक डोगरा और कांग्रेस के हरिमोहन शर्मा के बीच सीधी टक्कर है। वर्तमान में यहां से अशोक डोगरा लगातार तीसरी बार विधायक हैं। इसी बीच भाजपा से टिकट के दावेदार रहे रुपेश शर्मा ने भी आज नामांकन दाखिल कर पार्टी के लिए परेशानी खड़ी कर दी है। उन्होंने पूर्व जिलाध्यक्ष महिपत सिंह हाड़ा के साथ जाकर पर्चा दाखिल किया। इसी क्रम में भाजपा से पूर्व विधायक ओम प्रकाश शर्मा के पुत्र गौरव शर्मा भी नामांकन दाखिल कर दिया। वहीं कांग्रेस के बागी के रूप में पीपल्दा विधायक रामनारायण मीणा के पुत्र शिव मीणा भी मैदान में आ गए हैं। बूंदी विधानसभा सीट से बसपा की प्रत्याशी के रूप में सीता मीणा ने भी नामांकन दाखिल किया है।
राज्य मंत्री चांदना ने भरा नामांकन

हिंडोली विधानसभा सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार अशोक चांदना ने अपने समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल किया। वे समर्थकों की अच्छी खासी भीड़ के साथ नामांकन भरने पहुंचे। चांदना अभी भी हिंडोली से विधायक और अशोक गहलोत सरकार में खेल राज्य मंत्री हैं। नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद अशोक चांदना ने एक विशाल रैली को सम्बोधित भी किया।
