एनसीआई@बूंदी
राज्य मेला प्राधिकरण के सदस्य एवं राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व सचिव भरत शर्मा ने आज मंगलवार को कांग्रेस को झटका देते हुए भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। शर्मा के साथ बड़ी संख्या में इनके समर्थकों ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। ये सब नारेबाजी करते हुए समारोह स्थल पर पहुंचे।

बूंदी के हरियाली रिसोर्ट में आयोजित सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में कांग्रेस के युवा नेता भारत शर्मा को भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं टोंक-सवाईमाधोपुर सांसद सुखवीर सिंह जौनपुरिया, बूंदी विधायक अशोक डोगरा, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच आदि ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण करवाई।
उल्लेखनीय है कि भरत शर्मा भी बूंदी विधानसभा सीट से कांग्रेस के टिकट के दावेदार थे, मगर यहां से पूर्व राज्य मंत्री हरिमोहन शर्मा को टिकट मिला है। इनका मुकाबला भाजपा से वर्तमान विधायक अशोक डोगरा से है।
गौरतलब है कि भाजपा के वरिष्ठ नेता रहे रुपेश शर्मा ने टिकट नहीं मिलने के कारण बगावत कर निर्दलीय के रूप में नामांकन पत्र दाखिल किया है। रुपेश का क्षेत्र में अच्छा जन आधार माना जाता है। राजनीतिक जोड़-तोड़ के नजरिए से देखें तो भरत शर्मा का भाजपा में शामिल हो जाना इस कमी को पूरी करने वाला साबित हो सकेगा।
सदस्यता ग्रहण करने के बाद भरत शर्मा ने मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस के उच्च नेतृत्व से लेकर स्थानीय नेताओं तक पर काफी गम्भीर आरोप लगाए। पत्रकारों के हर चुभते हुए सवालों के सटीक जवाब दिए।
