April 19, 2026

News Chakra India

Never Compromise

स्कूल ने 4 छात्रों को ‘जय श्रीराम’ बोलने पर दी सजा, 8 दिन के लिए निष्कासित कर दिया

स्कूल ने 4 छात्रों को ‘जय श्रीराम’ बोलने पर दी सजा, 8 दिन के लिए निष्कासित कर दिया

उत्तर प्रदेश के झांसी में 4 छात्रों को स्कूल से निलम्बित कर दिया गया है। उनका कसूर बस इतना है कि इन छात्रों ने निबंध सुनाने के बाद जय श्री राम के नारे लगाए थे। घटना की जानकारी मिलते ही छात्र संगठन और हिन्दू संगठन ने स्कूल प्रशासन के खिलाफ गेट के सामने हंगामा और नारेबाजी की। साथ ही प्रिंसिपल का पुतला फूंका और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

एनसीआई@झांसी

उत्तर प्रदेश के झांसी में ‘जय श्रीराम’ बोलने पर 4 छात्रों को स्कूल से 8 दिन के लिए निष्कासित कर दिया। जल्दी ही इस निष्कासन की खबर पूरे जिले में आग की तरह फैल गई। इसके बाद सोशल मीडिया पर स्कूल के विरोध में पोस्ट वायरल होने लगी। हिन्दू संगठन प्रदर्शन कर कार्रवाई की मांग पर अड़ गए। वहीं, विरोध देख स्कूल प्रशासन ने खंडन पत्र जारी कर सफाई दी है।

दरअसल, मऊरानीपुर कोतवाली क्षेत्र के सेंट मैरी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पढ़ने वाले छात्रों को अपनी-अपनी रुचि के अनुसार निबंध लिखकर लाने के लिए कहा गया था। बच्चे दूसरे दिन स्कूल पहुंचे और प्रार्थना के दौरान अपने अपने निबंध पढ़कर सुनाए। इस दौरान 3 छात्र और एक छात्रा ने अयोध्या में बन रहे श्री राम मंदिर निर्माण पर अपने विचार रखे। इसी के साथ चारों छात्रों ने ‘जय श्री राम’ बोलते हुए निबंध को खत्म किया। जय श्री राम का नारा लगाने पर स्कूल मैनेजमेंट उग्र हो गया और बच्चों के अभिभावकों को बुलाकर उन्हें 8 दिन के लिए निष्कासित कर दिया।

इस घटना की जानकारी लगते ही कई छात्र संगठन और हिन्दू संगठन ने स्कूल प्रशासन के खिलाफ गेट के सामने हंगामा किया। साथ ही नारेबाजी करते हुए प्रिंसिपल का पुतला फूंका और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

मैनेजमेंट बच्चे को वापस ले, नहीं तो होगा आंदोलन

हिन्दू संगठन के कार्यकर्ता विनय कुमार का कहना है कि जय श्री राम बोलने पर बच्चों को स्कूल से निष्कासित कर दिया। अगर, स्कूल मैनेजमेंट ने बच्चों को वापस नहीं लिया तो आंदोलन होगा। इतना ही नहीं स्कूल प्रशासन के खिलाफ कारर्वाई की मांग करते हुए एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। संगठनों की ओर से चेतावनी दी गई कि यदि एक सप्ताह में उचित कार्यवाही नहीं हुई तो इससे भी अधिक कठोर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

स्कूल ने जारी किया खंडन

इधर, मामले को तूल पकड़ता देख विद्यालय प्रशासन के सुर ढीले पड़ गए और विरोध प्रदर्शन तेज होने पर स्कूल की ओर से खंडन भी जारी किया गया। इस पूरे मामले को तहसीलदार मदन मोहन गुप्ता ने कहा कि स्कूल में जयश्रीराम का नारा लगाने पर छात्रों का निष्कासित किए जाने का मामला प्रकाश में आया है।पूरे मामले में जांच कमेटी गठित कर दी गई है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे उसी के अनुसार कार्यवाही की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.