पीएफआई के नाम से टेलर को मिली बम से उड़ाने की धमकी, 31 दिसम्बर तक दुकान खाली करने की चेतावनी
एनसीआई@अलवर
राजस्थान के अलवर जिले के चिकानी कस्बे के एक बुजुर्ग टेलर को कन्हैयालाल की तरह ही जान से मारने की धमकी मिली है। पीएफआई के नाम से सोहन लाल जाटव को यह धमकी मिली है। हत्या की इस धमकी पर अलवर एसपी आनंद शर्मा ने कहा है कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दुकान खाली करने की धमकी मिली है।
एसपी आनंद शर्मा ने बताया कि 13 नवम्बर को बहादुर से पत्र पोस्ट किया गया था। पत्र में पीएफआई के नाम से धमकी दी गई है। सोहनलाल जाटव का बहुत पहले शफी मोहम्मद नाम के व्यक्ति से दुकान को लेकर विवाद था, लेकिन इसमें सोहन लाल कोर्ट से केस जीत चुके हैं। ऐसे में अब दुकान उसी की है। पुलिस ने शफी मोहम्मद से पूछताछ की है। साथ ही हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। दूसरी तरफ सोहनलाल का कहना है कि पत्र तो 25 दिन पहले मिला था, मगर तब चुनाव होने के कारण चुप रहा। अब जाकर मुकदमा दर्ज कराया है।
उदयपुर में हुआ था कन्हैयालाल हत्याकांड
उल्लेखनीय है कि राजस्थान के उदयपुर के सबसे व्यस्ततम बाजार मालदास स्ट्रीट की भूत महल गली में 28 जून 2022 को सुप्रीम टेलर के मालिक कन्हैयालाल की उनकी ही दुकान में घुसकर रियाज अत्तारी और गोस मोहम्मद ने धारदार हथियार से हत्या कर दी थी। उसी दिन दोनों आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए थे। इस मामले ने तगड़ा राजनीतिक तूल पकड़ लिया था। लेकिन मामले ने राजनीतिक एंगल ले लिया। अशोक गहलोत ने खुद माना है कि कन्हैया लाल हत्याकांड भी राज्य में उनकी सरकार की हार की एक वजह रही है।
