एनसीआई@जयपुर
राजस्थान के नए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा (56) होंगे। भजनलाल भरतपुर के अटारी के रहने वाले हैं। विधायक दल की बैठक में यह नाम सर्वसम्मति से तय कर लिया गया है। उनके नाम का प्रस्ताव पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने रखा। इनके अलावा दीया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा उपमुख्यमंत्री होंगे। वहीं वासुदेव देवनानी स्पीकर चुने गए हैं। सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 15 दिसम्बर को होगा।

मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्रियों का चयन होने के बाद राजनाथ सिंह सहित नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, पदाधिकारी राजभवन पहुंचे और राज्यपाल कलराज मिश्रा के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश किया। समर्थन करने वाले विधायकों की जो सूची सौंप गई है उसमें 123 विधायकों के नाम शामिल हैं। इस प्रकार भाजपा की टिकट पर जीते 115 विधायकों के अलावा बाकी 8 विधायक निर्दलीय भी शामिल हैं। यहां 15 दिसम्बर को शपथ ग्रहण समारोह करना तय किया गया।

भजनलाल शर्मा सांगानेर से विधायक हैं। बड़ी बात यह है कि भजनलाल पहली बार विधायक बने हैं। इन्हें प्रशासनिक अनुभव नहीं है। मगर भजनलाल एबीवीपी के अलावा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से भी जुड़े रहे हैं। पार्टी के प्रदेश महामंत्री भी रह चुके हैं।

भजनलाल के मुख्यमंत्री बनाए जाने की घोषणा होते ही उनके अपार्टमेंट को पुलिस ने अपने घेरे में ले लिया। वहां मीडिया के साथ-साथ भजनलाल के परिचितों व आस पड़ोसियों की भी भारी भीड़ लग गई। उनका पूरा परिवार इस घोषणा से बहुत ही खुश दिखाई दिया। इस खुशी को वह शब्दों में बयां नहीं कर पा रहे थे।
UPDATE
• भजनलाल शर्मा स्नातकोत्तर हैं। इस बार उन्होंने 1.5 करोड़ रुपए की सम्पत्ति घोषित की है।
• शुरुआती दिनों में RSS, ABVP से जुड़े। भाजपा के प्रदेश महामंत्री भी रहे। राज्य में भाजपा के सबसे लम्बे समय तक सेवा करने वाले महामंत्रियों में से एक हैं।
• 2003 में बीजेपी के खिलाफ निर्दलीय नदबई से चुनाव लड़े थे और हार गए थे। इससे पहले सरपंच का चुनाव भी लड़े थे।
• भजनलाल शर्मा के 2 बच्चे हैं। इनमें से एक डॉक्टर हैं और जयपुर में रहते हैं।
• बिजनेस – ट्रांसपोर्ट का काम करते हैं।
• राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 में भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस के पुष्पेंद्र भारद्वाज को 48,081 वोटों से पराजित किया था।
नोट-इस पेज पर लगातार अपडेट जारी है । इस खबर के संबंध में पूरी जानकारी पाने के लिए पेज पर ही बने रहें।
