आमिर खान अपनी बेटी और दामाद के साथ पहुंचे उदयपुर, लेकसिटी में होगी डेस्टिनेशन वेडिंग
एनसीआई@उदयपुर
बॉलीवुड एक्टर आमिर खान और उनकी बेटी आयरा खान अपने पति नुपुर शिखरे के साथ शुक्रवार शाम को उदयपुर पहुंचे। आयरा और नुपुर ने 3 जनवरी को मुम्बई में रजिस्टर्ड मैरिज की थी। अब वे 8 जनवरी को लेकसिटी में डेस्टिनेशन वेडिंग करेंगे। ये कपल शुक्रवार शाम करीब 5 बजे उदयपुर के महाराणा प्रताप एयरपोर्ट पर पहुंचा। एयरपोर्ट से बस के जरिए कोडियात स्थित ताज अरावली होटल के लिए रवाना हुए।

आयरा की मां रीना दत्ता व नुपुर शिखरे का परिवार और उनके दोस्त भी साथ में आए। इन सभी के बाद आमिर खान छोटे बेटे आजाद के साथ पहुंचे। वे लाल कुर्ते में थे, जबकि आजाद ने केजुअल टी-शर्ट और ट्राउजर पहन रखा था।

मुम्बई में आयरा-नुपुर की रजिस्टर्ड मैरिज के फंक्शन में बिजनेसमैन मुकेश अम्बानी व उनकी पत्नी नीता अम्बानी भी मौजूद थे। आमिर खान उनका स्वागत करते नजर आए थे।
