बच्चा रोता था, मां ने ब्लेड से गला काट कर मार डाला, डेढ़ महीने का था बेटा, कहा-डिलेवरी के बाद से परेशान थी
एनसीआई@जयपुर
रामगंज थाना क्षेत्र में एक मां ने वह अपराध कर डाला, जिसकी कल्पना मात्र से ही किसी का भी दिल कांप उठे। उसने अपने डेढ़ महीने के बच्चे की गला काटकर इसलिए हत्या कर डाली, क्योंकि उसके रोने से वह सो नहीं पाती थी। पुलिस ने इस बेरहम मां को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मां अंजुम ने पूछताछ में बताया कि वह डिलेवरी के बाद से ही बच्चे उजेफ के रोते रहने से बहुत परेशान थी। इस कारण वह सो नहीं पा रही थी। इसलिए उसकी हत्या की प्लानिंग की। आखिर सर्जिकल ब्लेड से उसका गला काट दिया।
डीसीपी नॉर्थ राशि डोगरा ने बताया- 3 मार्च को रामगंज थाने में तेलियों का मोहल्ला, चौकड़ी तोपखाना, हजूरी गेट के रहने वाले जावेद खान पुत्र सलम खान ने एक रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस रिपोर्ट में कहा गया था कि उसके भाई अमजद का बेटा उजेफ 2 मार्च को अपने कमरे में सोया हुआ था। इस दौरान दोपहर करीब 12 बजे उसके रोने की आवाज आई। भाई की पत्नी अंजुम ने कमरे में जाकर देखा तो उसके बेटे उजेफ की गर्दन पर कट लगा हुआ था। इससे खून बह रहा था। इस पर उसे हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।
राशि डोगरा ने बताया- घटना की जानकारी मिलने के बाद अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया। कुछ दिन बाद बच्चे की मौत हो गई। पुलिस ने मर्डर के एंगल से जांच शुरू की। घर पर मौजूद महिलाओं और पुरुषों से पूछताछ की गई। घटना के समय घर पर कई लोग मौजूद थे। आरोपी मां अंजुम और बच्चा सबसे ऊपर की मंजिल में अकेले थे। ऐसी स्थिति में बाहर से किसी व्यक्ति द्वारा बच्चे का गला काटा जाना सम्भव नहीं था। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में धारदार हथियार से गला काटना पाया गया।
दिन-रात रोता रहता था बच्चा
जांच में सामने आया कि घटना के दौरान बच्चे के पास केवल उसकी मां अंजुम ही मौजूद थी। इस पर अंजुम से गहनता से पूछताछ की गई। उसने बताया-डिलीवरी से लेकर अब तक वह बहुत परेशान थी। बच्चा दिन-रात रोता रहता था। रात को भी नहीं सो पाती थी। दिन में मैं अकेली रहती थी। बच्चे को रख नहीं पा रही थी। इससे मेरा दिमाग खराब रहता था।
4-5 दिन पहले भी मारने की कोशिश की
पुलिस पूछताछ में अंजुम ने बताया- बच्चे का गला काटने से 4-5 दिन पहले से ही उसे मारने की सोच रही थी। मेरे पास सर्जिकल ब्लेड पहले से थी। 2 मार्च को दोपहर करीब 12 बजे बच्चे का गला काट दिया। घरवालों का ध्यान भटकाने के लिए कह दिया कि कोई बच्चे का गला काट कर भाग गया है, जिसने लाल रंग की शर्ट पहन रखी थी।
