April 29, 2026

News Chakra India

Never Compromise

आखिर गुंजल पहुंचे धारीवाल से मुलाकात करने, दुश्मन जैसे प्रतिद्वंदी रहे शख्स का धारीवाल ने किया मुस्करा कर स्वागत

आखिर गुंजल पहुंचे धारीवाल से मुलाकात करने, दुश्मन जैसे प्रतिद्वंदी रहे शख्स का धारीवाल ने किया मुस्करा कर स्वागत

एनसीआई@कोटा

कोटा-बूंदी लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी प्रहलाद गुंजल आखिरकार गुरुवार देर शाम पार्टी के दिग्गज नेता एवं पूर्व मंत्री शांति धारीवाल से मुलाकात करने उनके सिविल लाइन स्थित आवास पर पहुंचे। बीजेपी से करीब 40 साल तक जुड़े रहे‌ गुंजल कुछ दिन पहले ही कांग्रेस में शामिल हुए थे। इसके बाद उन्हें कांग्रेस में लोकसभा प्रत्याशी घोषित कर दिया था। बीजेपी में रहने के दौरान शांति धारीवाल, गुंजल के प्रमुख प्रतिद्वंद्वी रहे थे। गुंजल ने धारीवाल को चुनाव हराया भी सही तो उनसे मात भी खाई।

गुंजल का धारीवाल ने अपने निवास पर पहुंचने पर हाथ मिलाकर स्वागत किया। साथ ही हल्का सा मुस्कुराए भी सही। इसके अलावा प्रहलाद गुंजल को प्रत्याशी बनाए जाने पर बधाई दी। साथ ही कहा कि कांग्रेस पार्टी ने आपको उम्मीदवार बनाया है। पार्टी के लिए सब मिलकर पूरी मेहनत करेंगे। प्रहलाद गुंजल ने भी इस मुलाकात में कहा कि आपके साथ ही चुनाव लड़ा जाएगा। करीब एक घंटे तक दोनों नेताओं के बीच विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। साथ ही चुनाव के मद्देनजर तैयारी को लेकर भी प्रहलाद गुंजल और पूर्व मंत्री धारीवाल ने रणनीति पर चर्चा की।

दुश्मनी की हद तक थी राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता

दोनों के बीच राजनीतिक प्रतिद्वंदिता दुश्मनी की हद तक थी, इसलिए इन दोनों दिग्गजों की इस मुलाकात की राजनीतिक हलकों में काफी चर्चा रही। दोनों धुर विरोधी शुक्रवार को कांग्रेस कार्यालय में होने वाली मीटिंग में शामिल होंगे।

बीता विधानसभा चुनाव प्रहलाद गुंजल ने बीजेपी प्रत्याशी के रूप में कांग्रेस के प्रत्याशी शांति धारीवाल के खिलाफ ही लड़ा था, हालांकि गुंजल 2,486 वोटों से हार गए थे। कुल मिलाकर गुंजल और धारीवाल के बीच कोटा उत्तर में तीन चुनाव में आमना-सामना हुआ। ये दोनों एक-दूसरे के खिलाफ जमकर बयानबाजी करते रहे हैं। ऐसे में लोकसभा चुनाव में अब इन दोनों का साथ काफी रोचक रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.