सीएम केजरीवाल के आवास में मिल गया उनका पीए विभव कुमार, दिल्ली पुलिस ने किया गिरफ्तार, सांसद स्वाति मालीवाल से बदसलूकी और मारपीट का है आरोपी
एनसीआई@नई दिल्ली
आम आदमी पार्टी (आप) की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल से मारपीट और बदसलूकी मामले में सीएम केजरीवाल के पीए विभव कुमार को आखिरकार आज शनिवार को सीएम हाउस से हिरासत में लेने के बाद गिरफ्तार कर लिया। यहां यह भी गौरतलब है कि स्वाति मारपीट मामले में कल से शुरू हुआ वीडियो सामने आने का सिलसिला आज भी जारी रहा है।

आज सामने आया नया वीडियो मुख्यमंत्री आवास के सीसीटीवी का फुटेज बताया जा रहा है। इस वीडियो फुटेज में महिला पुलिसकर्मी स्वाति मालीवाल को हाथ पकड़कर बाहर ले जाती हुई दिखाई दे रही हैं। बाहर जाने के बाद सांसद मालीवाल ने दिल्ली पुलिस से शिकायत की। वैसे हम इस वीडियो की पुष्टि नहीं करते हैं। इससे पहले शुक्रवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास के ड्राइंग रूम का भी एक वीडियो वायरल हुआ था। इस वीडियो में दिख रहा है कि स्वाति सीएम हाउस के अंदर बैठी हुई हैं। कुछ कर्मचारी उन्हें बाहर जाने को कह रहे हैं। इस पर वह गुस्सा हो जाती हैं। कहती हैं, मुझे हाथ लगाया तो आप लोगों की भी नौकरी खाऊंगी। कर्मचारी स्वाति से बाहर जाने का आग्रह करते हैं, तो वह कहती हैं फेंक दो उठाकर। आप फेंक दो.. ये गंजा। हालांकि दिल्ली पुलिस ने इस वीडियो के आधिकारिक होने की पुष्टि नहीं की है।
जांच में जुटी दिल्ली पुलिस का कहना है कि वीडियो को जब्त कर लिया गया है। इसकी जांच की जाएगी। उल्लेखनीय है कि सोमवार को स्वाति मालीवाल मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर उनसे मुलाकात करने गईं थीं। स्वाति का आरोप है कि वहां केजरीवाल के पीए ने उनसे बदसलूकी और मारपीट की। मालीवाल की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विभव कुमार को कड़ी छानबीन के बाद आज गिरफ्तार कर लिया। उन्हें सिविल लाइन्स थाने में ले जाया गया है। सम्भव है मेडिकल टेस्ट के बाद पुलिस आज ही विभव को कोर्ट में पेश कर दे। वैसे इसके लिए पुलिस के पास 24 घंटे का टाइम है। इधर, इस मामले में आम आदमी पार्टी पूरी तरह विभव कुमार के साथ खड़ी हुई दिख रही है।
