April 25, 2026

News Chakra India

Never Compromise

भीषण गर्मी की चपेट में राजस्थान, जानें पूरा हाल

भीषण गर्मी की चपेट में राजस्थान, जानें पूरा हाल

23 जिलों में आज तेज गर्मी का अलर्ट, रात का पारा रह सकता है 35 डिग्री से अधिक, रविवार को 18 शहरों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री से अधिक रहा

एनसीआई@जयपुर

राजस्थान लगातार भीषण गर्मी की चपेट में है। रविवार को जयपुर में तापमान 45.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। बड़ी बात यह है कि यह सीमावर्ती जिलों बाड़मेर, जैसलमेर और बीकानेर के तापमान से भी अधिक था। राज्य की राजधानी जयपुर में 8 साल की अवधि के दौरान मई माह का यह सर्वाधिक तापमान है। यह अलग बात है कि यहां शाम को आंधी के साथ कुछ जगह हल्की बूंदाबांदी भी हुई थी, जिससे गर्मी से थोड़ी राहत मिल गई थी। कल रविवार को 18 शहरों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस या इससे अधिक दर्ज हुआ था।

मौसम केन्द्र जयपुर ने आज सोमवार से चार दिन यानी 23 मई तक भीषण गर्मी रहने का अलर्ट जारी किया है। इस क्रम में आज 23 जिलों में तेज गर्मी की चेतावनी है। मंगलवार, 21 मई को 5 जिलों में, जबकि 22 और 23 मई को 10 या उससे अधिक जिलों के लिए गर्मी का रेड अलर्ट जारी किया है। दिन में गर्मी के साथ पहली बार रात में भी सामान्य से बहुत ज्यादा गर्मी रहने की चेतावनी जारी की गई है।

जयपुर में पारा 45.9 डिग्री पर पहुंचा

मौसम केन्द्र जयपुर की रिपोर्ट के अनुसार, आज से 8 साल पहले 19 मई 2016 को जयपुर में अधिकतम तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। इसके बाद अब कल 19 मई 2024 को यह 45.9 डिग्री सेल्सियस रहा। इस बीच साल 2017, 2018, 2019, 2020 और 2022 में मई का तापमान 45 डिग्री या उससे ऊपर दर्ज हुआ, लेकिन 45.9 डिग्री तक नहीं पहुंचा था।

जयपुर में कल सुबह से आसमान साफ और तेज धूप रही थी। दिन में लू भी चली थी। इसके बाद शाम करीब 5 बजे धूलभरी आंधी चली। शहर के कई हिस्सों में बूंदाबांदी हुई, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। बारिश-आंधी से जयपुर में रात में गर्मी कम रही।

इसी प्रकार सीकर में रविवार को दिनभर गर्मी के बाद शाम को बूंदाबांदी हुई, लेकिन लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिली है। यहां न्यूनतम तापमान भी 30 डिग्री के पार पहुंच गया है।

18 शहरों का तापमान 45 डिग्री या उससे ऊपर रहा

राजस्थान में कल रविवार को गर्मी कितनी तेज थी, इसका अंदाजा शहरों के दिन के तापमान से लगा सकते हैं। कल सबसे ज्यादा तापमान श्रीगंगानगर और बारां में 46.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। यह जालोर व धौलपुर में 46.5, कोटा व फतेहपुर (सीकर) में 46.2 और करौली व पिलानी में 46.1 डिग्री सेल्सियस रहा। बाड़मेर व फलोदी में 45.8, जोधपुर, चूरू व अलवर में 45.6, जैसलमेर में 45.5, हनुमानगढ़ और डूंगरपुर में 45.3, निवाई (टोंक) में 45.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

मौसम विभाग ने जताई गर्म रात की आशंका

मौसम केन्द्र जयपुर ने इस बार गर्म दिन के साथ गर्म रात का भी रेड अलर्ट जारी किया है। यानी आशंका जताई है कि राजस्थान के पश्चिमी जिलों में रात का तापमान सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस या इससे ऊपर दर्ज हो सकता है। इस दौरान कई शहरों का रात का तापमान 35 से 36 डिग्री सेल्सियस या उससे भी ऊपर रह सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.