एनसीआई@अलवर
राजगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार सुबह करीब 9 बजे गांव की ही मस्जिद की एक मौलाना ने सनसनीखेज वारदात को अंजाम दे दिया। उसने सामने स्थित घर के बाहर खेल रही 5 साल की बच्ची को टॉफी देने के बहाने मस्जिद में बुलाया और दुष्कर्म किया। बच्ची के चिल्लाने की आवाज सुनकर उसकी मां मौके पर पहुंची तो मौलाना बच्ची को छोड़ मस्जिद से फरार हो गया। करीब आठ घंटे की मशक्कत के बाद आरोपी असजद खान मौलवी, निवासी सीकरी-डीग को गिरफ्तार कर लिया।
इस वारदात की जानकारी देते हुए थानाधिकारी रामजी लाल मीना ने बताया-पांच साल की बच्ची के साथ रेप हुआ है। पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

बच्ची के पिता ने यह दी है रिपोर्ट
बच्ची के पिता की ओर से इस मामले में दी गई रिपोर्ट के अनुसार, गांव में बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। घर के सामने ही एक मस्जिद है। बच्ची के परिजन घर पर ही थे। मौलाना असजद खान ने बच्ची को खेलते हुए देखा और टॉफी देने के बहाने मस्जिद में बुलाया।
बच्ची पास गई तो मौलाना उसे मस्जिद के अंदर ले गया। कुछ देर बाद वहां से बच्ची के रोने और चीखने की आवाज आई। इस पर उसकी मां दौड़कर बाहर गई तो आवाज मस्जिद से आती सुनाई दी। इस पर मां दौड़कर मस्जिद के अंदर गई तो मौलाना बच्ची के साथ रेप कर रहा था। मां को देख मौलाना बच्ची को छोड़कर वहां से भाग गया था। बताया गया है कि मौलाना दो साल पहले भरतपुर से इस मस्जिद में आया था।
