एनसीआई@ब्यावर
समाज में नैतिकता में आ रही गिरावट के इस दौर में अध्यापक जैसे पवित्र कर्म तक को दागदार करने वाली घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इनमें एक घटना और जुड़ गई। एक नाबालिग छात्रा ने अपने अध्यापक से कुछ प्रश्नों का समाधान चाहने के लिए सम्पर्क किया। इस पर अध्यापक ने छात्रा को एक कोचिंग सेंटर पर बुलाया। वहां उसने छात्रा से अश्लीलता की। कुछ दिन बाद स्कूल में धमकाया कि माफ नहीं किया तो पूरे परिवार को जान से मार दूंगा। पीड़िता की मां ने आरोपी शिक्षक सुरेन्द्र सिंह चौहान के खिलाफ साकेत नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी है।
छात्रा की मां ने साकेत नगर थाने में शनिवार को यह रिपोर्ट वकील विकास चौहान के साथ जाकर दर्ज कराई। रिपोर्ट में कहा गया है कि- मेरी बेटी शहर के एक निजी स्कूल में पढ़ती है। इसी स्कूल में सुरेन्द्र सिंह चौहान अर्थशास्त्र का टीचर है। बेटी को कुछ सवाल पूछने थे। इसके लिए उसने 28 सितम्बर को सुरेन्द्र से सम्पर्क किया। इस पर उसने छात्रा को मुणोत कॉलोनी स्थित कोचिंग सेंटर पर बुलाया और वहां उसके प्रश्नों का समाधान किया।
मगर इसके बाद कर दी अश्लील हरकत
कोचिंग खत्म होने के बाद छात्रा ने अपने रिश्तेदार को फोन कर बताया कि कोचिंग खत्म हो गई है, वह उसे लेने आ जाएं। इसके बाद छात्रा कोचिंग सेंटर के एक कमरे में बैठकर अपने रिश्तेदार के आने का इंतजार करने लगी। इसी दौरान शिक्षक सुरेन्द्र सिंह कमरे में आया और बालिका के साथ अश्लील हरकत करने लगा। इससे घबराकर नाबालिग छात्रा उसे धक्का देकर कोचिंग सेंटर के बाहर आकर सड़क पर खड़ी हो गई। वहां उसके रिश्तेदार उसे लेने आए, उनके साथ वह घर चली गई।
माफी की आड़ में दी खतरनाक धमकी
इस घटना से सदमे में आई मासूम छात्रा चुपचाप रहने लगी। इसके बाद 8 अक्टूबर को स्कूल में ही शिक्षक सुरेन्द्र सिंह चौहान ने छात्रा से पहले तो माफी मांगी, मगर इसी के साथ कहा-अगर माफ नहीं किया तो वह उसे स्कूल से निकलवा देगा और उसके परिवार को खत्म कर देगा।
तब जाकर छात्र ने तोड़ी चुप्पी
स्कूल में दी गई अध्यापक की इस धमकी से छात्रा और भी बुरी तरह घबरा गई। मगर इस बार वह चुप नहीं रही, घर आकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी परिजनों को दे दी।इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी अध्यापक सुरेन्द्र सिंह के खिलाफ पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
