बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान सिद्दीकी को अज्ञात शख्स द्वारा फोन पर धमकी मिली है। जान से मारने की धमकी मिलने के बाद उनके आवास और ऑफिस में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
एनसीआई@मुम्बई
बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद अब उनके बेटे व विधायक जीशान सिद्दीकी को जान से मारने की धमकी मिली है। ऑफिस के लेंडलाइन नम्बर पर फोन करके अज्ञात व्यक्ति ने जीशान सिद्दीकी को यह धमकी दी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि धमकी भरा कॉल जीशान सिद्दीकी के बांद्रा ईस्ट स्थित जनसम्पर्क कार्यालय के फोन पर आया था। पुलिस ने इस पर कार्रवाई करते हुए धमकी देने वाले शख्स को नोएडा से गिरफ्तार कर लिया।
धमकी के साथ पैसे की भी की थी मांग
जीशान सिद्दीकी को धमकी भरा कॉल बीती शुक्रवार शाम को आया था। अज्ञात शख्स ने फोन पर जीशान सिद्दीकी जान से मारने की धमकी दी। साथ ही पैसे की भी मांग की। इसके बाद से उनके घर में सुरक्षा बढ़ा दी गई।
20 साल का है गिरफ्तार आरोपी
जीशान सिद्दीकी के कार्यालय के कर्मचारी की ओर से दी गई शिकायत के आधार पर निर्मल नगर पुलिस स्टेशन में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को ट्रेस कर उसे नोएडा से गिरफ्तार कर लिया। धमकी देने वाला 20 वर्षीय गुरफान खान है।
पहले भी मिल चुकी है धमकी
मुम्बई पुलिस ने कहा कि जीशान सिद्दीकी को मुम्बई में अपने पिता की गोली मारकर हत्या होने से कुछ दिन पहले भी जान से मारने की धमकी मिली थी। वहीं, अब एक बार फिर ऐसा ही हुआ है।
बाबा सिद्दीकी और जीशान सिद्दीकी को मारने की सुपारी
बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया था कि जीशान और बाबा सिद्दीकी दोनों ही उनके निशाने पर थे। उन्हें आदेश दिया गया था कि जो भी मिले उस पर गोली चला दें। इस तरह जीशान सिद्दीकी भी आरोपियों के निशाने पर थे। आरोपियों ने पुलिस की पूछताछ में यह भी बताया कि जीशान और बाबा सिद्दीकी दोनों को ही मारने की सुपारी दी गई थी।
