एनसीआई@बाड़मेर
बाड़मेर ग्रामीण थाना क्षेत्र के जसाई असाड़ा की बेरी जसाई गांव में सोमवार रात करीब नौ बजे एक बाइक चालक को दो बदमाशों ने पहले तो लाठी मारकर नीचे गिराया। इसके बाद उस पर पेट्रोल डाल कर आग लगा दी और फरार हो गए। इसके बाद इस व्यक्ति ने तुरत-फुरत अपनी जलती जैकेट-शर्ट फाड़ कर फेंकी और परिजन को फोन पर सूचना दी। इसका बाड़मेर जिला चिकित्सालय के बर्न वार्ड में इलाज जारी है।
बाड़मेर ग्रामीण थाने के इंचार्ज विक्रमदान चारण के अनुसार- थाना इलाके के जसाई असाड़ा बेरी गांव निवासी दलाराम (45) पुत्र सुरताराम के साथ यह वारदात हुई है। वैसे वह खुद इसी थाने का हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस को इस वारदात की सूचना मिली तो बाड़मेर जिला चिकित्सालय में पहुंचकर उसके बयान लिए। दलाराम के परिजन ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज करा दी है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।

आरोपी पहले साथ में ही करता था काम
दलाराम ने अपने बयान में बताया है कि वह मिस्त्री है, चिनाई का काम करता है। कुछ समय पहले तक मेरे उसके साथ जगदीश नामक युवक प्लस्तर का काम करता था। दलाराम ने आगे बताया कि उसकी बेटी बाड़मेर में रहकर पढ़ाई करती है। कुछ महीने पहले जगदीश ने उसकी बेटी के फोटो एडिट कर सोशल मीडिया पर डाल दिए थे। वह इन फोटुओं के जरिए बेटी को ब्लेकमैल कर रहा था। दलाराम के अनुसार इस पर उसने जगदीश को समझाने की कोशिश की, लेकिन उसने उसे उल्टा जान से मारने की धमकी दी।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
सोमवार रात 9 बजे वह जसाई के घर से देरासर गांव की तरफ बाइक से जा रहा था। रास्ते में जगदीश और उसका साथी चूनाराम पहले से घात लगाए खड़े थे। वह वहां से निकला तो जगदीश ने उसके हाथ पर लाठी मारी। इससे वह बाइक सहित सड़क पर गिर गया। इसके बाद आरोपियों ने उसके सिर पर लाठी से दो-तीन वार किए। इसके बाद इन्होंने उस पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी और फरार हो गए। इसके बाद उसने अपनी जलती हुई जैकेट और शर्ट फाड़कर फेंकी। इसके बाद मोबाइल से पास ही में रहने वाले भतीजे दसाराम चौधरी को घटना की जानकारी दी। कुछ ही देर में परिजन मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बाड़मेर ग्रामीण पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी।

इस मामले में दलाराम के भतीजे दसाराम के अनुसार आरोपी जगदीश उनके ही गांव का रहने वाला है, मगर उसके साथी चूनाराम के बारे में जानकारी नहीं है। जगदीश और चाचा दलाराम के बीच बहन की फोटो को लेकर विवाद चल रहा था। इसी बात को लेकर उसने चाचा को धमकी दी थी।
बेटी के फोटो मामले में शिकायत के बावजूद पुलिस ने नहीं की कार्रवाई
बाड़मेर जिला चिकित्सालय के बर्न वार्ड में दलाराम का इलाज चल रहा है। उसका सिर और दोनों हाथ जल गए। उसने बताया कि बेटी के फोटो मामले में हम तीन-चार बार उसके खिलाफ शिकायत करने थाने गए थे, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। उधर, बाड़मेर ग्रामीण पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश है। दोनों पड़ोसी हैं। दलाराम के खिलाफ भी कई मामले दर्ज हैं। वह खुद बाड़मेर ग्रामीण थाने का हिस्ट्रीशीटर है।
