एनसीआई@कोटा
नयापुरा थाना क्षेत्र के खाई रोड इलाके में शनिवार को दिनदहाड़े एक व्यापारी पर दो बदमाशों ने लकड़ी से हमला कर दिया था। नयापुरा थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। ये दोनों सगे भाई निकले। पुलिस ने इनकी परेड निकालकर तस्दीक करवाई। इस दौरान पीड़ित व्यापारी ने एक बदमाश को थप्पड़ भी मारे। इस बीच आरोपी व्यापारी से माफी मांगते नजर आए।

उल्लेखनीय है कि शनिवार को दोनों ही बदमाश शराब के नशे में धुत्त होकर व्यापारी महेश अग्रवाल के पास दुकान पर पहुंचे और उससे रुपए मांगे। व्यापारी ने रुपए देने से इनकार कर दिया तो पहले तो लौट गए, मगर थोड़ी देर बाद डंडा लेकर लौटे और व्यापारी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
नयापुरा थाने के एएसआई कृष्ण गोपाल ने बताया कि आकाश (29) और इसके सगे भाई राहुल (22) को नयापुरा बस स्टेंड से गिरफ्तार किया गया है। मौके पर दोनों बदमाशों की तस्दीक करवाई गई। दोनों बदमाशों के पिता पहले पीड़ित व्यापारी की दुकान पर ही काम किया करते थे और इसी इलाके में रहते हैं। घटना के वीडियो फुटेज सामने आए थे।
