April 23, 2026

News Chakra India

Never Compromise

अंग्रेजी की परीक्षा के बीच में अध्यापक ने 9 वीं कक्षा के छात्र को बाहर बुला मुर्गा कटवाया, ग्रामीणों की शिकायत पर तुरंत जांच टीम पहुंची और कार्रवाई की

अंग्रेजी की परीक्षा के बीच में अध्यापक ने 9 वीं कक्षा के छात्र को बाहर बुला मुर्गा कटवाया, ग्रामीणों की शिकायत पर तुरंत जांच टीम पहुंची और कार्रवाई की

एनसीआई@उदयपुर

जिले के आदिवासी ब्लॉक कोटड़ा के राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल सावन क्यारा में शिक्षा विभाग को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां के एक अध्यापक पर आरोप है कि उसने शनिवार दोपहर अंग्रेजी की चलती परीक्षा के बीच में ही 9 वीं कक्षा के एक छात्र को परीक्षा कक्ष से बाहर बुलाया। अध्यापक छात्र को स्कूल के बाहर ले गया और वहां उससे मुर्गा कटवाया। इसकी सफाई भी करवाई।

एक ग्रामीण ने इस घटनाक्रम को देख कर तुरंत जनप्रतिनिधियों को सूचित किया।जनप्रतिनिधियों ने कलेक्टर को जानकारी दी, जिन्होंने मामले की जांच के लिए मौके पर टीम भेज दी। जिला प्रशासन की टीम मामले की जांच कर रही है। उदयपुर जिला मुख्यालय से कोटड़ा का सावन क्यारा स्कूल 165 किलोमीटर दूर है।

भाजपा नेता ने की जिला कलेक्टर को शिकायत

इस मामले में भाजपा मंडल अध्यक्ष हिम्मत तावड़ का कहना है कि- उदयपुर से करीब 165 किलोमीटर दूर स्थित गांव में नवीं कक्षा के अंग्रेजी की परीक्षा चल रही थी। इसी दौरान एक छात्र स्कूल के बाहर मुर्गा काटकर उसकी सफाई कर रहा था। मामला की जानकारी मिलते ही उन्होंने अधिकारियों को सूचना दी।

इस पर जिला कलेक्टर नमित मेहता के निर्देश पर एसडीएम हंसमुख कुमार के नेतृत्व में कोटड़ा आरआई सोनल मीणा और अन्य अधिकारियों की जांच टीम स्कूल में पहुंच गई। इससे पहले मौके पर पहुंचे लोगों ने जब छात्र से पूछा कि परीक्षा के बीच वह बाहर क्या कर रहा है, तो उसने बताया कि अध्यापक मोहनलाल डोडा ने मुर्गा काटकर साफ करने को कहा है। इसके बाद ही यह बात आगे पहुंची।

स्कूल में पहुंची जांच टीम ने विद्यार्थियों से पूछताछ की। पोषाहार और अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। टीम ने बच्चों को आश्वस्त किया कि बेझिझक अपनी बात बताएं, डरने की जरूरत नहीं है।

अध्यापक मांस लेकर जा चुका था

एसडीएम के निर्देश पर कोटड़ा आरआई सोनल मीणा जांच के लिए स्कूल पहुंचीं, तब तक अध्यापक कटे मुर्गे का मांस लेकर जा चुका था। जांच टीम ने छात्र, स्टाफ और अन्य बच्चों से पूछताछ की। जांच में यह भी पता चला कि स्कूल में पोषाहार की भी गम्भीर अनियमितताएं हैं। इस मामले में स्कूल के प्रिंसिपल बंशीलाल से भी सम्पर्क किया गया, लेकिन उनका मोबाइल बंद था।

अपनी जांच के दौरान टीम ने छात्र से जिस जगह मुर्गा कटवाया गया था, उसका निरीक्षण किया। स्थानीय लोगों के बयान लिए और मौके की फोटोग्राफी की।

विद्यार्थियों को पोषाहार नहीं मिल रहा

भाजपा मंडल अध्यक्ष हिम्मत तावड़ ने बताया कि स्कूल में 2-3 महीने से विद्यार्थियों को पोषाहार नहीं मिल रहा है। घटनास्थल के पास रहने वाले लोगों ने पुष्टि की कि अध्यापक खुद मुर्गा लेकर आए थे, यहीं कटवाया और साफ करवाने के बाद ले गए। जांच टीम ने मौके की फोटोग्राफी भी की।

छात्र ने यह बयान दिया

छात्र ने कहा- मैं अंग्रेजी की परीक्षा दे रहा था। तब मोहन सर आए और मुझे मुर्गा कटवाने ले गए। काम करने के बाद मैं वापस परीक्षा कक्ष में आ गया। परीक्षा के बीच मुझे इस काम में लगाया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.