July 13, 2026

News Chakra India

Never Compromise

राजस्थान: अचानक मौसम बदला, बारिश के साथ ओले गिरे, बूंदी में अंधड़ से मोबाइल टावर घर पर गिरा, टीन शेड जमीन पर आ गिरे, पेड़ धराशाई हो गए

राजस्थान: अचानक मौसम बदला, बारिश के साथ ओले गिरे, बूंदी में अंधड़ से मोबाइल टावर घर पर गिरा, टीन शेड जमीन पर आ गिरे, पेड़ धराशाई हो गए

एनसीआई@जयपुर

राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के असर से शनिवार दोपहर बाद कई शहरों में मौसम बदला। चूरू, गंगानगर, हनुमानगढ़ में करीब 50 किलोमीटर की गति से अंधड़ आया। इससे कई जगह टीन शेड उड़ गए, पेड़ गिर गए। जालोर में बारिश के साथ ओले गिरे। सवाई माधोपुर में बूंदाबांदी हुई। वहीं, बूंदी के नैनवां में अंधड़ से मोबाइल टावर घर पर गिर गया।

वहीं, जयपुर, टोंक, अलवर समेत कई जिलों में बादल छाए। धूलभरी हवा चली। मौसम के इस बदलाव से तापमान में गिरावट हुई। लोगों को तेज गर्मी से थोड़ी राहत मिली। हनुमानगढ़, चूरू में तेज अंधड़ के कारण मंडियों में बिकने के लिए आए गेहूं, जौ को भी नुकसान पहुंचा।

जालोर में कुछ देर बारिश हुई

जालोर में शनिवार शाम करीब साढ़े चार बजे करीब मौसम में बदलाव हुआ। आहोर में करीब एक घंटे तक आंधी चली। कई कच्चे घरों के छप्पर उड़ गए। करीब 15 मिनट तक हल्की बारिश हुई। आहोर के देवकी, वेडिया गांव में ओले भी गिरे।

मोबाइल टावर गिरा, दुकानों के टीनशेड उड़े

बूंदी जिले में भी शाम को मौसम बदला और हवाएं चलने लगी। कई जगह छिटपुट बूंदाबांदी भी हुई। इस दौरान नैनवां तहसील के तलवास के कई इलाकों में तेज आंधी से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। एक मोबाइल टावर धराशाई हो गया। गनीमत रही कि कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। नैनवां और कापरेन में दुकानों और घरों पर लगे टीनशेड उड़कर जमीन पर आ गिरे। कुछ जगहों पर आंधी के दौरान आग लगने की घटनाएं भी हुईं।

रविवार से तेज गर्मी, हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक रविवार, 27 अप्रेल से राज्य में फिर तापमान बढ़ेगा और गर्मी तेज होने लगेगी। जैसलमेर, बाड़मेर, बीकानेर, जालोर, जोधपुर, पाली, भीलवाड़ा, कोटा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, हनुमानगढ़, गंगानगर, चूरू और झुंझुनूं क्षेत्र में तेज गर्मी रहेगी। पाकिस्तान सीमा से लगते जिलों जैसलमेर, बीकानेर, बाड़मेर के अलावा जोधपुर जिले में दिन और रात में हीटवेव चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

1 मई से फिर बदलेगा मौसम

मौसम विशेषज्ञों ने बताया- 30 अप्रेल तक तेज गर्मी के बाद 1 मई से फिर राजस्थान के मौसम में बदलाव होने का अनुमान है। 1-2 मई को एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा और उसके असर से राज्य के कई जिलों में आंधी-बारिश का दौर शुरू होगा। मई के पहले सप्ताह में दो बेक टू बेक सिस्टम आने का अनुमान है, जिसके असर से 4-5 मई तक राज्य में आंधी-बारिश अलग-अलग स्थानों पर होने की आशंका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.