April 24, 2026

News Chakra India

Never Compromise

हड़कम्प: एसीबी ने अपने ही एएसपी को जयपुर मुख्यालय से गिरफ्तार किया, दो दलाल भी लाखों रुपए की रिश्वत राशि के साथ धरे गए, डीटीओ सहित कई अधिकारियों से लेता था मंथली रिश्वत

हड़कम्प: एसीबी ने अपने ही एएसपी को जयपुर मुख्यालय से गिरफ्तार किया, दो दलाल भी लाखों रुपए की रिश्वत राशि के साथ धरे गए, डीटीओ सहित कई अधिकारियों से लेता था मंथली रिश्वत

एनसीआई@जयपुर

जयपुर एसीबी की टीम ने सोमवार को एसीबी के जयपुर मुख्यालय में तैनात एएसपी सुरेन्द्र कुमार शर्मा और उनके 2 दलालों को रिश्वत के मामले गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई टेक्निकल एविडेंस के आधार पर की गई है।

सुरेन्द्र कुमार शर्मा सवाई माधोपुर एसीबी में एएसपी‌ था। इसे हाल ही में जयपुर में अटेच किया गया था। एसीबी की टीम ने एएसपी सुरेन्द्र कुमार शर्मा को जयपुर मुख्यालय से ही गिरफ्तार किया है। वहीं, दलाल प्रदीप कुमार उर्फ बंटी पारीक को जयपुर के ही प्रतापनगर स्थित एक होटल से पकड़ा है। इसके पास से 11 लाख रुपए बरामद हुए हैं। वहीं, दूसरे दलाल रामराज मीणा को 2 लाख रुपए के साथ सवाई माधोपुर से पकड़ा है। फिलहाल तीनों से पूछताछ की जा रही है।

दलाल प्रदीप कुमार उर्फ बंटी पारीक
दलाल प्रदीप कुमार उर्फ बंटी पारीक

मोबाइल नम्बर सर्विलांस पर लेकर जुटाए सबूत

एसीबी के डीजी डॉ. रवि प्रकाश मेहरडा ने बताया- मुख्यालय को सूचना मिली थी कि सवाई माधोपुर जिले का रामराज मीणा अवैध बजरी के खनन को संरक्षण देने के लिए दलालों के माध्यम से अवैध राशि एकत्रित कर विभागों के अधिकारियों को पहुंचाता है।

इस पर एसीबी ने रामराज मीणा का मोबाइल नम्बर सर्विलांस पर लिया तो पता चला कि वह और एएसपी सुरेन्द्र कुमार शर्मा सरकारी कर्मचारियों को कार्रवाई का डर दिखाकर रिश्वत लेते हैं। सुरेन्द्र कुमार ने अपने पद और अधिकारों का प्रभाव दिखाते हुए शराब के ठेकेदारों से अवैध शराब की बोतलें प्राप्त कीं।

अधिकारियों को डराकर लेते थे मंथली बंधी

एसीबी के अनुसार, दलाल रामराज मीणा व प्रदीप उर्फ बंटी के माध्यम से एएसपी सुरेन्द्र कुमार शर्मा डीटीओ व सरकारी अधिकारियों से मंथली बंधी की राशि लेते थे। ये दलाल सुरेंद्र कुमार शर्मा को समय-समय पर रिश्वत पहुंचाते। यही नहीं सुरेन्द्र कुमार सवाई माधोपुर के अधिकारियों को रिश्वत की रिकॉर्डिंग होने की झूठी कहानी सुनाकर डराता और उनसे पैसा लेता।

एएसपी सुरेंद्र कुमार शर्मा के द्वारा दलालों के माध्यम से सवाई माधोपुर जिले के पुलिस अधिकारियों से भी रिश्वत राशि मांगने और लेने के सबूत भी एसीबी को मिले।

एसीबी ने बिछाया था जाल

एसीबी के डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल (डीआईजी) राजेश सिंह के सुपरविजन में यह बड़ी ट्रेप की कार्रवाई की गई। जयपुर के विद्याधर नगर, प्रताप नगर और जगतपुरा इलाकों में एसीबी की टीमें सक्रिय रहीं। वहीं सवाई माधोपुर में भी एक साथ छापेमारी की गई। एसीबी ने इस कार्रवाई को बेहद गोपनीय और सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया। इसमें दोनों दलालों को रिश्वत की रकम के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.