कोटा: मैरिज गार्डन में शादी समारोह के दौरान अचानक लगी भीषण आग, मची अफरातफरी, फायर ब्रिगेड की 6 गाड़ियों ने आग पर पाया काबू, सब कुछ हो गया खाक
एनसीआई@कोटा

विज्ञान नगर थाना क्षेत्र में एयरपोर्ट के सामने एक मैरिज गार्डन में सोमवार रात चल रहे शादी समारोह के दौरान अचानक भीषण आग लग गई। इससे यहां मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। खुशी के माहौल में जान पर बन आई। ऐसे में बचने के लिए सभी बाहर या अन्य सुरक्षित स्थान की ओर भागे। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 6 गाड़ियां मौके पर पहुंची और मशक्कत से मैरिज गार्डन के अंदर लगी आग को बुझाया गया।

इस हादसे में मैरिज गार्डन में लगे टेंट आदि पूरी तरह से जल कर खाक हो गए, मगर गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में अन्य लोग भी जमा हो गए।

अग्निशमन अधिकारी राकेश व्यास ने बताया कि एयरपोर्ट के सामने स्थित शुभम मैरिज गार्डन में शादी समारोह का खाना चल रहा था। इसी दौरान अचानक शॉर्ट सर्किट की वजह से टेंटों में आग लग गई। हवा के कारण इस आग ने जल्दी ही भीषण रूप ले लिया। गार्डन के अंदर मौजूद लोगों को तुरंत बाहर निकाला गया। आग से कोई जनहानि नहीं हुई। फायर ब्रिगेड की टीम ने इस पर पूरी तरह से काबू पा लिया।

