Zee News प्रबंधन ने अपने राजस्थान चैनल हेड आशीष दवे से लिया इस्तीफा, गम्भीर धाराओं में दर्ज कराई एफआईआर, ब्लेकमैलिंग और एक्सटॉर्शन से करोड़ों की उगाही का आरोप
- एनसीआई@जयपुर
zee news प्रबंधन ने अपने राजस्थान चैनल हेड आशीष दवे से इस्तीफा लेकर उनके खिलाफ अशोक नगर थाने में विभिन्न गम्भीर धाराओं में एफआईआर दर्ज करवाई है। दवे पर चैनल के नाम से व्यापारियों और उद्योगपतियों को धमका कर वसूली करने का आरोप है। इस प्रकार ब्लेकमैलिंग और एक्सटॉर्शन के आरोप हैं। इसके बाद डॉ. मनीष शर्मा को राजस्थान हेड बनाया गया है।

आशीष दवे ढाई वर्ष से Zee Rajasthan के चैनल हेड थे। Zee News के चेयरमैन सुभाष चंद्रा को इनके खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रहीं थीं। दवे के खिलाफ सबसे बड़ा आरोप यह है कि वे ब्लेकमैल और एक्सटॉर्शन से कमाई गई राशि से जयपुर एयरपोर्ट के समीप दस करोड़ की लागत से एक आलीशान घर बनवा रहे हैं। पुलिस की जांच में उन पर लगे सभी आरोपों का खुलासा होगा।
वहीं, इस मामले में आशीष दवे का पक्ष भी सामने आया है। इसमें उन्होंने कहा है कि वो उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर की कॉपी मंगवा रहे हैं। उसे देखने के बाद ही कुछ कह पाएंगे। उनका कहना है कि उन्हें तो ट्रांसफर करने के लिए कहा गया था। मगर उन्होंने रिजाइन दे दिया। बस इतनी बात है। बाकी सारे आरोप निराधार हैं। मैं शीघ्र ही अपनी पूरी बात सामने रखूंगा।
