July 13, 2026

News Chakra India

Never Compromise

फिल्म प्रोड्यूसर विनोद बच्चन आगामी फिल्मों की शूटिंग कोटा और बूंदी में करेंगे, कोटा को बताया कमाल का शहर

फिल्म प्रोड्यूसर विनोद बच्चन आगामी फिल्मों की शूटिंग कोटा और बूंदी में करेंगे, कोटा को बताया कमाल का शहर

बॉलीवुड प्रोड्यूसर विनोद बच्चन ने ‘दस्यु से सुंदरी मुन्नी मिश्रा’ और ‘शादी में जरूर आना पार्ट-2’ की शूटिंग कोटा और बूंदी में करने का ऐलान किया।

एनसीआई@कोटा

तनु वेड्स मनु, जिला गाजियाबाद, जिगरिया, शादी में जरूर आना और गिन्नी वेड्स सनी जैसी बॉलीवुड फिल्म बना चुके प्रोड्यूसर विनोद बच्चन उनकी आगामी फिल्मों की शूटिंग के लिए लोकेशन तलाशने कोटा आए। इस दौरान उन्हें कोटा के साथ बूंदी में भी कई लोकेशन पसंद आईं।

कोटा में ऐसी ही शूटिंग लोकेशन‌ को देखने के बाद बच्चन बहुत प्रभावित हुए। इस पर उन्होंने कहा, ‘देश के बड़े प्रोड्यूसर को एक बार कोटा जरूर देखना चाहिए। हम देश-विदेश में शूटिंग करते हैं। कोटा उनसे कम नहीं है। इस अवसर पर उन्होंने कोटा के लिए ‘ऐतिहासिक, प्राकृतिक और आधुनिकता का संगम, कमाल है कोटा’ टैग लाइन दी। लगातार दो दिन कोटा और बूंदी में लोकेशन देखने के बाद ऐलान किया कि दस्यु से सुंदरी मुन्नी मिश्रा और शादी में जरूर आना पार्ट-2 कोटा में शूट करेंगे।

प्रोड्यूसर विनोद बच्चन ने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने उन्हें कोटा देखने का न्योता दिया था। कहा था कि आप देश-विदेश में कई जगह शूटिंग करते हैं, लेकिन एक बार कोटा की लोकेशन भी देखें।‌ इसमें हमने सिटी पार्क, रिवर फ्रंट, सेवन वंडर, गरडिया महादेव, चम्बल नदी, गढ़ पैलेस, अभेड़ा महल के साथ बूंदी के पैलेस और जैत सागर झील सहित कई स्थल देखे।

भारत में कोटा अद्भुत है

बच्चन ने कहा कि भारत में कोटा अद्भुत है। समझ नहीं पा रहा हूं कि यह अभी तक भारत में जयपुर, उदयपुर और जोधपुर जैसा फेमस क्यों नहीं हुआ? यहां सब कुछ है। हजारों साल पुरानी बिल्डिंग्स हैं। वादा करता हूं कि कोटा को ऐसे शूट करूंगा, जैसी आपने बहुत सारी फिल्में देखी होंगी। हम कोटा को इंटरनेशनल लेवल पर प्रजेंट करेंगे। अब फिल्में ओटीटी के जरिए देखी जाती है। वहां कोटा को पहुंचाऊंगा। अब गन्नी वेड्स सनी-2 जल्दी रिलीज होगी। कोटा में शादी में जरूर पार्ट-2 शूट करेंगे। इसके अलावा दस्यु सुंदरी मुन्नी मिश्रा डकैत की इंटरेस्टिंग स्टोरी पर आधारित फिल्म होगी। कोटा में कम से कम 2 फिल्म प्लान करूंगा।

हर प्रोड्यूसर को कोटा आना चाहिए

प्रोड्यूसर बच्चन ने कहा कि हिन्दुस्तान के हर प्रोड्यूसर को कोटा आना चाहिए। खुद कोटा देखेगा तो जरूर यहां शूटिंग करेगा। लोकसभा अध्यक्ष बिरला के ओएसडी राजेश गोयल ने कहा कि कोटा में पहले फिल्मों की शूटिंग हुई, लेकिन कुछ पार्ट यहां और अन्य दूसरी जगह शूट किए गए। कोटा में कभी पूरी फिल्म शूट नहीं हुई।‌ प्रयास है कि पूरी फिल्म ही कोटा में शूट हो, इसीलिए विनोद बच्चन और उनकी टीम को कोटा दिखाया है। इस दौरान कोटा को पर्यटन सिटी के रूप में विकसित कराने के लिए अभियान चला रहे कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी और उनकी टीम भी साथ रही।

यह है परिचय

उल्लेखनीय है कि विनोद बच्चन फिल्म निर्माता के रूप में मुख्य तौर से हिंदी सिनेमा में सक्रिय हैं। यह हिंदी सिनेमा की कई हिट फिल्मों में अभिनय भी कर चुके हैं, जिनमे शादी में जरूर आना, जिगरिया आदि फिल्में शामिल हैं। विनोद की हालिया रिलीज फिल्म ‘जहां चार यार’ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.