रिश्ते शर्मसार: दो सगी बहनों ने आपस में बदल लिए पति, छह महीने तक दबी रही घटना, आक्रोशित पिता ने उठाया यह कड़ा कदम
एनसीआई@सेन्ट्रल डेस्क
उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में दिमाग को बुरी तरह झकझोर देने वाला और निंदनीय मामला सामने आया है। इसके अनुसार, यहां के पाली थाना क्षेत्र की दो सगी बहनों ने सामाजिक और पारिवारिक मर्यादाओं को तोड़ते हुए एक-दूसरे के पति बदल लिए। इस घटना की जानकारी जब इनके पिता को हुई तो उन्होंने गुस्से में आकर दोनों बेटियों से सम्बंध तोड़ते हुए इनके लिए अपने घर के दरवाजे हमेशा के लिए बंद कर दिए।
यह है पूरा मामला
यह मामला ललितपुर के पाली थाना क्षेत्र का है। करीब दस साल पहले यहां के एक ग्रामीण ने अपनी दो बेटियों की शादी अलग-अलग गांवों में की थी। ग्रामीणों के मुताबिक, दोनों बहनें अपने-अपने परिवारों के साथ सुखी और सामान्य जीवन जी रहीं थीं। सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन छह महीने पहले एक ऐसी घटना घटी, जिसने रिश्तों की मर्यादा को तार-तार कर दिया।
जानकारी के अनुसार, छोटी बहन के अपनी बड़ी बहन के पति (अपने जीजा) से प्रेम सम्बंध बन गए। धीरे-धीरे यह रिश्ता इतना गहरा हो गया कि दोनों ने समाज और परिवार की परवाह किए बिना भागने का फैसला कर लिया। इसके बाद दोनों ने न केवल भागकर शादी कर ली और साथ रहने लगे। इस मामले में एक और चौंकाने वाला मोड़ तब आया, जब बड़ी बहन को अपनी छोटी बहन और खुद के पति के रिश्ते की जानकारी मिली तो उसने छोटी बहन के पति से शादी कर ली। इस तरह दोनों बहनों ने अपने पति बदल लिए। हैरानी की बात यह है कि छह महीने तक इस घटना की किसी को भनक तक नहीं लगी।
पिता को पता चला तो बंद किए घर के दरवाजे
छह महीने बाद जब छोटी बहन अपने बदले हुए पति (अपने जीजा) के साथ मायके पहुंची तब पिता को इस बात का पता चला। बेटियों के इस कृत्य से क्षुब्ध होकर पिता ने दोनों के लिए अपने घर के दरवाजे हमेशा के लिए बंद कर दिए। इधर, बड़ी बहन ने अपनी व्यथा सुनाते हुए कहा, “मैंने कई महीने तक अपनी छोटी बहन और पति को तलाश किया, लेकिन जब मुझे पता चला कि उन्होंने शादी कर ली, तो मेरे पास कोई रास्ता नहीं बचा था।” हालांकि, बड़ी बेटी का यह तर्क भी पिता को रास नहीं आया और उन्होंने दोनों बेटियों से सम्बंध तोड़ लिए।
प्रशासन और पुलिस को नहीं मिली शिकायत
यह अनोखा मामला अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है। ग्रामीण इस घटना को लेकर तरह-तरह की बातें कर रहे हैं। कुछ लोग इसे व्यक्तिगत फैसला मान रहे हैं, तो कुछ इसे सामाजिक मर्यादाओं का उल्लंघन बता रहे हैं। इस घटना ने न केवल परिवार, बल्कि पूरे समुदाय में बहस छेड़ दी है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस को अभी तक इस मामले में कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है। हालांकि, यह घटना सामाजिक और पारिवारिक रिश्तों पर गहरे सवाल उठा रही है।
