जयपुर में युवा कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, बेरिकेड्स पर चढ़े कार्यकर्ता, जमकर हुई धक्का-मुक्की, राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित कई नेताओं को हिरासत में लिया
एनसीआई@जयपुर
युवा कांग्रेस की ओर से गुरुवार को कथित वोट चोरी व बदहाल कानून व्यवस्था के अलावा फसल खराबे के मुआवजे को लेकर सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री आवास की ओर जा रहे युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच गुरुवार को खासी धक्का-मुक्की हो गई। इन कार्यकर्ताओं को पुलिस ने शहीद स्मारक पर बेरिकेड्स लगाकर रोकने की कोशिश की। इससे गुस्साए युवा कांग्रेसी कार्यकर्ता बेरिकेड्स पर चढ़ गए। इसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई। राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

इस बीच हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिब व प्रदेश अध्यक्ष अभिमन्यु पूनिया सहित कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया।

सरकार से आम आदमी परेशान
प्रदेश अध्यक्ष अभिमन्यु पूनिया ने कहा- सरकार से आम आदमी परेशान है। कृषि मंत्री किरोड़ी मीणा छापेमारी कर रहे हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने राजस्थान में SIR का काम कर रहे बीएलओ के सुसाइड करने के मुद्दे को उठाया और कहा कि क्या 20-25 दिन में पूरे राजस्थान में SIR करवाना सम्भव है।

प्रदर्शनकारियों ने SIR प्रक्रिया को तुरंत रोकने, अतिवृष्टि से नुकसान झेल चुके किसानों को उचित मुआवजा देने और प्रदेश की कथित बिगड़ती कानून व्यवस्था पर सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में हालात नियंत्रण से बाहर हैं और भाजपा सरकार पूरी तरह नाकाम हो चुकी है।

तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप
यूथ कांग्रेस नेताओं ने पुलिस कार्रवाई को तानाशाही रवैया बताया और कहा कि सरकार उनकी आवाज को बल प्रयोग से दबाना चाहती है, लेकिन वे पीछे हटने वाले नहीं हैं। इस प्रदर्शन में राज्य प्रभारी विकास चीकाड़ा, सह प्रभारी ज्ञानेश शुक्ला सहित कई अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी भी शामिल रहे।
