राजस्थान: जिस पठान गली में पुलिस पर हुई थी तगड़ी पत्थरबाजी, सुबह-सुबह वहां चला बुलडोजर, अवैध अतिक्रमणों को ढहाया, छावनी बना रहा इलाका
एनसीआई@जयपुर
जयपुर जिले के चौमूं कस्बे की पठान गली में शुक्रवार सुबह प्रशासन ने अवैध अतिक्रमणों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई शुरू की। यह कार्रवाई उसी इलाके में हो रही है, जहां कुछ दिन पहले एक मस्जिद के बाहर से अतिक्रमण हटाने गई पुलिस टीम पर हिंसक भीड़ ने पथराव किया था। प्रशासन का कहना है कि सड़क पर अवैध रूप से लगाए गए लोहे के रेलिंग और अन्य ढांचे यातायात में बाधा बन रहे थे, जिन्हें हटाना जरूरी था। अभी बड़ी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर तैनात हैं, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।

प्रशासन का दावा है कि यह कार्रवाई पूरी तरह कानून के तहत और न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप की जा रही है। जयपुर से करीब 35 किलोमीटर दूर स्थित चौमूं में दिसंबर 2025 के अंतिम सप्ताह में बस स्टेंड क्षेत्र में स्थित कलंदरी मस्जिद के बाहर लम्बे समय से पड़े हुए बड़े-बड़े पत्थरों और लोहे की रेलिंग हटाने की कार्रवाई की गई थी। इस अतिक्रमण के कारण मौके पर वर्षों ट्रेफिक जाम की स्थिति बनी रहती थी। इस सम्बंध में 25 दिसम्बर की रात को मस्जिद समिति और नगर निगम के बीच बातचीत हुई। इसमें पत्थरों को हटाने पर सहमति बनी। इसके बाद 26 दिसम्बर की देर रात पुलिस ने मौके से पत्थर हटा दिए तो कुछ समय बाद रात को ही उस स्थान पर कुछ लोगों के द्वारा रेलिंग लगाई जाने लगी। प्रशासन ने इसका विरोध किया और एक बार फिर बुलडोजर से रेलिंग हटाने की कार्रवाई शुरू की। इस पर स्थानीय लोगों ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया। इस पठान गली में देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। भीड़ ने पुलिस पर पत्थरबाजी करनी शुरू कर दी। इसमें 9 पुलिसकर्मी घायल हो गए। अन्य लोगों को भी चोटें आईं। हालात बेकाबू होने पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया। स्थिति तनावपूर्ण होने पर 28 दिसम्बर तक के लिए इंटरनेट सुविधा निलम्बित करनी पड़ी।
करीब तीन दर्जन लोगों के खिलाफ हुई थी नामजद एफआईआर
इसके बाद हालात सम्भालने के लिए क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया और फ्लैग मार्च निकाला गया। हिंसक भीड़ द्वारा पथराव करने के मामले में पुलिस ने 110 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया, जबकि करीब तीन दर्जन से अधिक के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई। प्रशासन ने 29 दिसम्बर को इलाके में 4 अवैध निर्माणों और 20 अवैध बूचड़खानों पर नोटिस चस्पा किए। इन्हें सीढ़ियां, रेम्प, प्लेटफॉर्म आदि अवैध निर्माण सार्वजनिक भूमि से हटा लेने के लिए तीन दिन का समय दिया गया, अन्यथा बुलडोजर चलाने की चेतावनी दी।

24 पत्थरबाजों के घरों पर भी चस्पा हुए थे नोटिस
पुलिस ने पत्थरबाजी में शामिल 24 आरोपियों के घरों पर भी नोटिस चस्पा कर तीन दिन में जवाब मांगा गया था। इसकी अवधि 31 दिसम्बर को पूरी हो गई। मगर आरोपियों ने न नोटिस का जवाब दिया और न ही अपना अवैध अतिक्रमण हटाए। इसके बाद स्थानीय प्रशासन ने शुक्रवार सुबह 8 बजे से चिह्नित अवैध निर्माणों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई शुरू की। इस दौरान खास बात यह रही कि कार्रवाई का विरोध करने कोई सामने नहीं आया। चौमूं नगरपालिका की यह कार्रवाई बिना किसी व्यवधान के जारी रही। भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
एक मकान और दो कॉम्प्लेक्स भी सीज
सुबह करीब 7 बजे नगर परिषद की टीम मौके पर पहुंची। साथ ही 4 बुलडोजर, 7 ट्रेक्टर-टॉली व डम्पर भी मौके पर लाए गए। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कम्प मच गया। कार्रवाई के दौरान एक मकान और दो कॉम्प्लेक्स भी सीज किए गए।
इस दौरान एडीसीपी राजेश गुप्ता, एसीपी उषा यादव, आरपीएस अंजु यादव, चौमूं थाना प्रभारी प्रदीप शर्मा, हरमाड़ा थाना प्रभारी उदयसिंह यादव सहित कई थानों की पुलिस मौजूद रही।
8 वें दिन भी पुलिस फोर्स तैनात
चौमूं में धार्मिक स्थल पर रेलिंग की बात को लेकर हुए उपद्रव के 8 वें दिन शुक्रवार को भी सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियातन पुलिस फोर्स तैनात है। हालांकि, शहर में पूरी तरह से शांतिपूर्ण माहौल है।

शेष आरोपियों की तलाश जारी
उपद्रव के बाद थाने में नामजद 19 आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद शेष आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार सम्भावित ठिकानों एवं लॉकेशन के आधार पर दबिश दे रही है, लेकिन अभी पकड़ में नहीं आए है। पुलिस ने बताया कि 34 नामजद सहित अन्य के खिलाफ सरकारी सम्पत्ति को नुकसान पहुंचाने, जानलेवा हमला करने और राजकार्य में बाधा पहुंचाने को लेकर मुकदमा दर्ज हुआ था।
इन आरोपियों की हुई थी गिरफ्तारी
चौमूं पुलिस ने पथराव के आरोप में मुख्तार अली पुत्र हयात अली, आकिब पुत्र शमसीर मोहम्मद, मोहसिन खान पुत्र हयात खान, उमर बेग पुत्र हमीद खान, जहीन खान पुत्र नौशाद खान, हैदर अली पुत्र शमशेर खां, समीर पुत्र शौकत अली, आबिद पुत्र अंदाज अली, सलमान पुत्र हयात अली, अरबाज पुत्र अब्दुल रफीक, कामरान पुत्र ऐजाज, ताहिर आलम पुत्र आलम शेक, जांबाज पुत्र अतारसुल, फरदीन पुत्र नौशाद अली पठान, शाहरुख पुत्र चांद खां, फैजान खान पुत्र अंसार अली, जावेद खान पुत्र सिकन्दर, जावेद कुरैशी पुत्र इकराम, वसीम कुरैशी पुत्र नसरुदीन को गिरफ्तार किया था।
